31 मार्च तक ले सकेंगे एल.टी.सी. का लाभ

Saturday, Dec 04, 2021 - 01:55 PM (IST)

चंडीगढ़, (राजिंद्र शर्मा): नगर निगम चुनाव के चलते चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सी.एच.बी.) की तरफ से कर्मचारियों को छुट्टी की मंजूरी नहीं दी जा रही थी। ब्लॉक ईयर 2018-21 के लिए लीव ट्रैवल कंसेशन (एल.टी.सी.) का लाभ लेने के लिए 31 दिसम्बर, 2021 आखिरी तारीख है। इसके चलते ही बोर्ड के अधिकतम कर्मचारियों ने 31 दिसम्बर , 2021 के बाद छुट्टी के लिए अर्जी देनी शुरू कर दी है। यही कारण है कि बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सी.ई.ओ.) यशपाल गर्ग ने आदेश जारी किए हैं कि 31 दिसम्बर तक एल.टी.सी. का लाभ नहीं ले पाने वाले कर्मचारियों को 31 मार्च, 2022 तक छुट्टी लेने की इजाजत होगी। व्यक्तिगत रूप से अर्जी देने की जरूरत नहीं है।


बता दें कि अवधि समाप्त होने के बाद ही विभाग के प्रमुख की अनुमति से ही इस छुट्टी का लाभ लिया जा सकता है। हाउसिंग बोर्ड के अधिकतम स्टाफ की चुनाव में डयूटी लगाई गई है जिसके चलते एल.टी.सी. की अनुमति नहीं दी जा रही है। यही कारण है कि अधिकतम कर्मचारियों ने छुट्टी के लिए व्यक्तिगत रूप से अर्जी देनी शुरू कर दी थी। इस संबंध में विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि चुनाव के चलते एक साथ ही अधिकतम स्टाफ को छुट्टी नहीं दी जा सकती है। इसके चलते ही फैसला लिया गया है कि कर्मचारी अगले साल 31 मार्च तक छुट्टी का लाभ ले सकेंगे। पहले बोर्ड ने छुट्टी के लिए सख्ती कर निर्देश दिए थे कि बिना विभाग प्रमुख के संज्ञान में कर्मचारियों को छुट्टी की अनुमति नहीं होगी। बिना मंजूरी छुट्टी पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी थी।

Rajinder sharma

Advertising