3 आरोपियों के खिलाफ 600 पेजों का चालान पेश

Wednesday, Nov 14, 2018 - 12:21 PM (IST)

चंडीगढ़ (संदीप): एच.सी.एस. (ज्यूडिशियल) पेपर लीक मामले की जांच कर रही स्पैशल इन्वैस्टीगेशन टीम ने मंगलवार को जिला अदालत में इस केस में हाल ही में गिरफ्तार किए गए।  3 आरोपियों के खिलाफ सप्लिमेंट्री चालान दायर कर दिया है। एस.आई.टी. केस में आरोपी आयुषी के पिता सुभाष गोदारा, मामा सुशील भादू और सेकेंड टॉपर तेजिंदर बिश्नोई के खिलाफ चालान दायर किया है। 
पुलिस द्वारा पेश किए गए करीबन 600 पेजों से ज्यादा के चालान में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कई गवाह बनाए हैं।

एस.आई.टी. ने केस की जांच के तहत हाल ही में सूचनाएं जुटा कर सुशील भादू व सुभाष गोदारा को सैक्टर-43 स्थित बस स्टैंड के समीप ट्रैप लगाकर गिरफ्तार किया था। इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद एस.आई.टी. ने सेकेंड टॉपर तेजिंदर बिश्नोई को गिरफ्तार किया था। सुशील भादू व सुभाष गोदारा पर पेपर बेचने का आरोप हैं। जबकि तेजिंदर विश्नोई पर लीक पेपर खरीद कर उसके जरिए टाप करने का आरोप है। 

6 को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है एस.आई.टी.
एस.आई.टी. केस में इससे पहले रजिस्ट्रार जज बलविंदर शर्मा, सुशीला, सनील चोपड़ा, सुनीता और उसके भाई कुलदीप के अलावा आयुषी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनके खिलाफ कोर्ट में चालान भी दायर कर चुकी है। गौरतलब है कि पिंजौर निवासी सुमन ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर एच.सी.एस. ज्यूडिशियल का पेपर डेढ़ करोड़ रुपए में बिकने और उसे भी पेशकश होने की बात कही थी। 
सुमन ने अपनी कोचिंग क्लास की साथी सुशीला से लैक्चर की ऑडियो क्लिप मंगाई थी, लेकिन उसने गलती से मामले से संबंधित सुनीता से हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप भेज दी। इसमें पेपर में आने वाले प्रश्नों पर हुई बातचीत रिकॉर्ड थी। सुमन की याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने अपने स्तर पर जांच  की। 

bhavita joshi

Advertising