नशे में युवकों ने महिला पुलिसकर्मी से की छेड़छाड़ और मारपीट

Monday, Jun 17, 2019 - 01:46 PM (IST)

चंडीगढ़(सुशील राज): सैक्टर-36 शराब ठेके के बाहर शराब पीने वाले दो युवकों ने महिला कांस्टेबल को थप्पड़ जड़ दिए और उससे छेड़छाड़ भी की। पी.सी.आर. इंचार्ज ने युवकों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने इंचार्ज से मारपीट कर उसकी वर्दी फाड़ दी। सैक्टर-36 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को काबू किया। पी.सी.आर. इंचार्ज हैड कांस्टेबल कृष्ण कुमार की शिकायत पर पुलिस ने सैक्टर 36 निवासी सुमित और सैक्टर 44 निवासी गगनदीप पर छेड़छाड़, मारपीट और सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 

ठेके के बाहर पी रहे थे शराब
हैड कांस्टेबल कृष्ण कुमार ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात उसकी ड्यूटी सैक्टर 36 थाना क्षेत्र में पी.सी.आर. पर थी। वह पी.सी.आर. में पुलिस जवानों के साथ पैट्रोलिंग कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि सैक्टर 36 स्थित शराब ठेके के बाहर सार्वजनिक स्थान पर दो युवक शराब पी रहे हैं। सूचना मिलते ही वह पी.सी.आर. लेकर ठेके के बाहर पहुंचे तो दो युवक शराब पीते हुए पाए गए। 

उन्होंने दोनों युवक को पकड़कर मामले की सूचना सैक्टर-36 थाना पुलिस को दी। दोनों उनसे बहस  करने लगे। महिला कांस्टेबल युवकों को समझाने लगी तो युवकों ने उससे छेड़छाड़ कर थप्पड़ जड़ दिया। पी.सी.आर. इंचार्ज बीच बचाव करने लगा तो दोनों युवक ने उनसे मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। सैक्टर 36 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुमित और गगनदीप सिंह को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया। 

शराबियों को पकडऩे के लिए पुलिस ने चला रखा है अभियान 
गाडिय़ों और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस ने धरपकड़ अभियान चला रखा है। शनिवार रात को पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के खिलाफ पांच केस दर्ज किए हैं। इनमें सैक्टर 11, 17, 19, 36 और मलोया थाना पुलिस ने एक-एक केस रजिस्टर किया है। इसके अलावा शुक्रवार को पुलिस ने 37 केस रजिस्टर कर 38 शराबियों को पकड़ा था। 

bhavita joshi

Advertising