भैंस चुरा भाग रहे चोरों ने मालिक पर की फायरिंग, गंभीर घायल

Saturday, Feb 08, 2020 - 12:36 PM (IST)

डेराबस्सी(गुरप्रीत) : गांव बहोड़ा में चोरों ने लाखों की कीमत की दो भैंसे चोरी कर ली। चोरों ने शुक्रवार सुबह चार बजे इस वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान उन्हें पकडऩे की कोशिश करने पर भैंसों के मालिक पर चोरों ने दो राउंड फायर कर दिए। चोरों की ओर से की गई फायरिंग में एक युवक जख्मी हो गया। जिसका फायदा उठाते हुए चोर भैंस लेकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल के बयानों पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

जांच कर रहे ए.एस.आई. नरिन्दर कुमार ने बताया गांव बहोड़ा के कुलविंदर सिंह की बाड़े से भैंसों की आवाज आने पर आंख खुल गई। जिसके बाद देखा तो कुछ व्यक्ति भैंस को महिंद्रा पिकअप में चढ़ा रहे थे। कुलविन्दर के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य भी उठ गए। इस दौरान चोर दो भैंसें खोल कर गाड़ी में लादकर फरार हो गए। कुलविंदर और बचित्तर सिंह बाइक पर चोरों का पीछा करने लगे। जब वह गांव कारकौर के पास पहुंचे तो चोरों ने फायरिंग कर दी। 

इस दौरान बाइक चला रहा कुलविंदर घायल हो गया जबकि उसके पीछे बैठा बचित्तर बाल-बाल बच गया।  घायल कुलविन्दर को डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे चंडीगढ़ सैक्टर-32 अस्पताल में रैफर कर दिया गया।

कुलविन्दर के मुताबिक हमलावरों ने उस पर दो फायर किए और चोरी हुई भैंसें की कीमत करीब दो लाख रुपए है। जाँच अधिकारी ए.एस.आई. नरिन्दर कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि चोरों ने .32 बोर की पिस्तोल से फायर किया है, जिसके छर्रे कुलविन्दर को लगे हैं। उन्होंने बताया कि कुलविंदर की हालत खतरे से बाहर है।

Priyanka rana

Advertising