‘जल शक्ति अभियान के दौरान सराहनीय कार्य करने पर 13 अधिकारियों को दिए प्रशस्ति-पत्र

punjabkesari.in Tuesday, May 17, 2022 - 09:19 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): हरियाणा राज्य ने केंद्र सरकार द्वारा आरंभ किए गए ‘जल शक्ति अभियान: कैच द रेन-2021’ के दौरान सराहनीय कार्य किया है, जिसकी भारत के जल शक्ति मंत्री ने भी प्रशंसा की है। इस अभियान में अहम भूमिका निभाने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राज्य के 13 अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र दिए हैं।

 


एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए ‘जल शक्ति अभियान: कैच द रेन- 2021’ का थीम ‘बारिश के पानी का संरक्षण करो, जब बारिश होती है और जब भी होती है।’ इस अभियान के तहत देश के सभी जिलों व खंडों के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को कवर किया जा रहा है। राष्ट्रीय जल मिशन (एन.डब्ल्यू.एम.) को इस अभियान के लिए पूर्व-मानसून और सक्रिय मानसून अवधि के दौरान यानी 22 मार्च से 30 नवम्बर, 2021 तक के समय में बारिश के पानी के संरक्षण के लिए नोडल एजैंसी बनाया गया है। ‘जल शक्ति अभियान: कैच द रेन- 2021’  के दौरान प्रदेश में 49136 जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन संरचनाओं का निर्माण, 8623 जल निकायों/टैंकों का नवीनीकरण, 25921 पुन: उपयोग और पुनर्भरण संरचनाओं का निर्माण, 6238 वाटरशैड विकास संबंधी कार्य और 1,42,92,229 पौधों का रोपण किया गया। इसके अलावा, प्रदेश के सभी 22 जिलों के लिए जल-संरक्षण योजनाएं तैयार की गई हैं।

 


प्रवक्ता ने बताया कि इस अभियान के तहत राज्य के भिवानी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, अम्बाला और कुरुक्षेत्र जिलों में सराहनीय कार्य किए गए हैं, जिस पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ‘जल शक्ति अभियान: कैच द रेन- 2021’ को लागू करने में उनके योगदान के लिए 13 अधिकारियों को प्रशंसा-पत्र प्रदान किए हैं। इन अधिकारियों में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव देवेंद्र सिंह, ‘जल शक्ति अभियान: कैच द रेन- 2021’ के नोडल अधिकारी डा. सतबीर सिंह कादियान, अधीक्षण अभियंता पवन भारद्वाज, रविंद्र पाल, सतीश कुमार, ए.के. रघुवंशी, अरविंद कौशिक, भिवानी के उपायुक्त रिपुदमन सिंह ढिल्लों, रेवाड़ी के उपायुक्त यशेंद्र सिंह, महेंद्रगढ़ के उपायुक्त श्यामलाल पुनिया, अम्बाला के उपायुक्त विक्रम, कुरुक्षेत्र के उपायुक्त मुकुल कुमार तथा कार्यकारी अभियंता मंदीप शामिल हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Related News