मोहाली में हैरोइन, हथियार और ड्रग मनी सहित दो काबू

Thursday, Aug 09, 2018 - 11:39 AM (IST)

मोहाली (कुलदीप): एस.टी.एफ. ने दो लोगों को हैरोइन, असले और ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजकुमार उर्फ राजा निवासी गांव ढंडा (जालंधर) और मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना निवासी बड़ा गांव रोड़, गोरायां (जालंधर) के रूप में हुई। 

 

बुधवार को दोनों को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। एस.टी.एफ. के एस.पी. राजिन्द्र सिंह सोहल ने बताया कि दोनों आरोपियों से 290 ग्राम हैरोइन, एक देसी पिस्तौल 7.65, 8 जिंदा कारतूस और 2 लाख 5 हजार रुपए ड्रग मनी बरामद की गई है।

 

वेरका चौक के पास दबोचा
एस.टी.एफ. को सूचना थी कि दोनों आरोपी टाटा सफारी में मोहाली आ रहे हैं। ए.एस.आई. मलकीत सिंह की अगुवाई में पुलिस ने फेज-6 में वेरका चौक के पास नाकाबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 

 

आरोपी राज कुमार उर्फ राजा से 260 ग्राम हैरोइन, एक पिस्तौल सहित 8 जिंदा कारतूस और 2 लाख 5 हजार रुपए ड्रग मनी बरामद हुई जबकि दूसरे आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना से 30 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। दोनों के खिलाफ एस.टी.एफ. के पुलिस स्टेशन फेज-4 में एन.डी.पी.एस. एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।

 

ड्रग तस्करी में तिहाड़ में जेल काट रहा है आरोपी राजा का भाई
आरोपी राजकुमार उर्फ राजा कुछ समय पहले दो जिम चलाता था। उसका एक भाई अश्वनी कुमार ड्रग तस्करी के केस में तिहाड़ जेल में सजा काट रहा है। वह दो महीने पहले 15 दिनों की पैरोल पर बाहर आया था। वही राजा को एक पिस्तौल और 8 जिंदा कारतूस दे गया था। 

 

राजा ने बताया कि वह हैरोइन दिल्ली निवासी एक नाइजीरियन से 1 हजार रुपए प्रति ग्राम के हिसाब से आता था और यहां 2 हजार 800 रुपए प्रति ग्राम के हिसाब से बेचता था। आरोपी राजा फिलहाल गोराया में अपनी पत्नी के साथ इमीग्रेशन कंपनी भी चला रहा था। 

 

राजा के खिलाफ पहले भी पुलिस स्टेशन फिल्लौर में आई.पी.सी. की धारा 452 के तहत केस दर्ज है। जिस टाटा सफारी कार में उसे गिरफ्तार किया गया है, उसकी किश्तें भी नहीं चुकाई हैं। दूसरा आरोपी मनप्रीत सिर्फ उर्फ मन्ना मोबाइल फोन की दुकान करता है। उसके खिलाफ पहले भी होशियारपुर में ड्रग तस्करी का एक केस दर्ज है।


 

pooja verma

Advertising