ट्रेनों में अवैध वैंडरों पर जागा बेपरवाह रेलवे, शुरू की धरपकड़

Tuesday, May 08, 2018 - 10:56 AM (IST)

चंडीगढ़ (लल्लन): ट्रेनों में बढ़ रही अवैध वैंडरों की संख्या को ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड की ओर से सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि चैकिंग के दौरान ट्रेनों में अवैध वैंडर पकड़े गए तो रेलवे के एरिया थाना प्रभारी तथा उच्चाधिकारियों पर उचित कार्रवाई होगी। 

 

इस सख्ती के बाद चंडीगढ़ रेलवे पुलिस फोर्स (आर.पी.एफ.) ने अवैध वैंडरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दो दिन के भीतर 3 अवैध वैंडरो को पकड़ कर चालान किया गया है। दरअसल, कुछ दिन पहले ट्रेन में टॉयलेट का पानी चाय में मिलाते हुए पाए गए वैंडरों की वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुई थी। 

 

इसी के बाद रेलवे बोर्ड ने अवैध वैंडरों पर सख्ती की है। सीनियर डी.सी. अम्बाला की ओर से लगातार ट्रेनों में छापामारी की जा रही है। इस दौरान 100 से अधिक अवैध वैंडरो को अलग-अलग स्टेशनों पर पकड़ा गया है। 

 

स्टेशन पर कम मिलते हैं वैंडर
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर अवैध वैंडर कम ही मिलते हैं लेकिन लालडू़ तथा दप्पर के पास ट्रेन रुकने के कारण अवैध वैंडर ट्रेनों में सामान बेचना शुरू कर देते हैं। ऐसे में आर.पी.एफ. द्वारा चलती ट्रेन में अवैध वैडरों को पकडऩे के लिए अतिरिक्त जवान लगाए जा रहे हैं। 

 

आर.पी.एफ. चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से चलने वाली ट्रेनों में अभी तक 4 माह में तकरीबन 50 अवैध वैडरों का चालान कर चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि सी.सी.टी.वी. कैमरे से भी अवैध वैंडरों पर नजर रखी जा रही है। यदि कोई अवैध वैंडर स्टेशन पर सामान बेचते हुए पकड़ा गया तो कड़ी कार्रवाई होगी।  

 

कैद और जुर्माने का प्रावधान
नियमानुसार आर.पी.एफ. रेलवे एक्ट के तहत अवैध वैंडरो पर मामला दर्ज कर सकती है। ट्रेन में अवैध रूप से सामान बेचने पर 1 साल की कैद तथा 2 हजार रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है। 

 

स्टेशन के बाहर रेहड़ी-फड़ी पर सामान बेचने वालों पर होगी कार्रवाई
अब रेलवे स्टेशन के बाहर भी जो लोग रेहड़ी-फड़ी लगाकर सामान बेच रहे हैं, उन पर भी रेलवे की ओर से कार्रवाई किए जाने के आदेश जारी किए गए हैं। हालांकि रेलवे स्टेशन के बाहर का एरिया जी.आर.पी. का है लेकिन चंडीगढ़ जी.आर.पी. रेलवे स्टेशन परिसर में रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों को रोकने में असफल है। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के निकास द्वार पर ही रेहड़ी-फड़ी लगी हुई हैं। 


 

Punjab Kesari

Advertising