आई.ए.एस. विनय प्रताप सिंह बने चंडीगढ़ के डी.सी.
punjabkesari.in Tuesday, Nov 16, 2021 - 01:26 PM (IST)

चंडीगढ़,(राजिंद्र शर्मा):पंचकूला के डिप्टी कमिश्नर (डी.सी.) के तौर पर कार्य कर रहे आई.ए.एस. विनय प्रताप सिंह अब चंडीगढ़ के डी.सी. बन गए हैं। वह मंदीप सिंह बराड़ की जगह लेंगे। सोमवार को गृह मंत्रालय ने आई.ए.एस. विनय प्रताप सिंह के नाम पर मंजूरी दे दी। उन्हें तीन साल के लिए हरियाणा कैडर से ए.जी.एम.यू.टी. (चंडीगढ़ सैगमैंट) में भेजा गया है। गृह मंत्रालय ने आदेशों में कहा है कि आई.ए.एस. विनय प्रताप को तुरंत प्रभाव से रिलीव किया जाना चाहिए, ताकि चंडीगढ़ के डी.सी. का पद ग्रहण कर सकें।
विनय प्रताप सिंह हरियाणा कैडर के वर्ष 2011 बैच के आई.ए.एस. अधिकारी हैं।
वह इस समय पंचकूला के डी.सी. के पद पर तैनात हैं। चंडीगढ़ में डी.सी. का पद हरियाणा कैडर के अधिकारी के लिए आरक्षित रहता है, इसलिए हरियाणा सरकार की तरफ से तीन अधिकारियों का एक पैनल भेजा गया था। इनमें विनय प्रताप के साथ पंचकूला के पूर्व डी.सी. मुकुल कुमार का नाम भी था। मुकुल भी 2011 बैच के आई.ए.एस. अधिकारी हैं। पैनल में तीसरा नाम 2010 बैच के आई.ए.एस. अधिकारी प्रभजोत सिंह का है। वरिष्ठता के आधार पर देखा जाए तो प्रभजोत सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं, लेकिन यू.टी. प्रशासन ने विनय प्रताप सिंह के नाम की केंद्रीय गृह मंत्रालय को सिफारिश की थी। सोमवार को गृह मंत्रालय ने उनके नाम पर सहमति जताई। इसके साथ ही अब वह चंडीगढ़ में डी.सी. के तौर पर कार्य करेंगे।