शिकायत कितने समय में होगी हल इसका शिकायतकर्ता को आएगा मैसेज

punjabkesari.in Sunday, Jun 03, 2018 - 09:34 AM (IST)

चंडीगढ़ (राजिंद्र): अपने शिकायत केंद्र और हैल्पलाइन नंबर-155304 को चंडीगढ़ नगर निगम और प्रभावशाली बनाने जा रहा है, जिसके तहत अब शिकायत केंद्र पर सिटीजन चार्टर के तहत शिकायतों का निदान होगा। निगम ने सिटीजन चार्टर पहले ही लागू किया है, लेकिन अब शिकायत केंद्र पर भी इस चार्टर के तहत ही हल होंगी, जबकि पहले ऐसा नहीं था। 

 

अब अगर कोई निगम के शिकायत केंद्र पर शिकायत दर्ज करवाएगा तो उसे ये भी मैसेज मिलेगा कि कितने समय में उसकी इस शिकायत का निदान होगा। निगम ने केंद्र और हैल्पलाइन नंबर पर ये सिस्टम शुरु कर दिया है, ताकि तय समय में जनता की शिकायतें हल हो सकें। 

 

पहले लोग नाराज रहते थे कि वे कंप्लैंट तो देते हैं लेकिन वे तय समय में हल नहीं होती हैं। यही वजह है कि निगम ने ये सिस्टम शुरु करने का फैसला लिया। निगम की तरफ से इसमें एस.डी.ओ. स्तर के अधिकारियों का नाम दिया जा रहा है, ताकि शिकायतकर्ता  को मालूम हो सके कि किस अधिकारी के पास उसकी शिकायत गई है। 

 

हालांकि इससे पहले लोगों को शिकायत रजिस्टर्ड होने पर मैसेज तो मिलता था, लेकिन उन्हें ये जानकारी नहीं मिलती थी कि उनकी ये शिकायत कितने समय में हल होगी। निगम ने सिटीजन चार्टर के अंदर हर एक काम का एक समय निर्धारित किया हुआ है, उसी समय के अंदर अब शिकायत केंद्र पर भी लोगों की शिकायतों का निवारण करना होगा।

 

एल.ई.डी. लाइट्स की शिकायत के लिए कंपनी का दिया जाएगा नंबर
निगम ने शहर में एल.ई.डी. लाइट्स लगाने का काम एनर्जी एफिसिएंट सर्विसेज लिमिटेड (ई.ई.एस.एल.) को दिया था। यही कंपनी अब  एल.ई.डी. लाइट्स लगाने का बाद इनके रखरखाव का काम भी देख रही है।

 

लोग निगम के शिकायत केंद्र पर एल.ई.डी. लाइट्स खराब होने की  शिकायत देते हैं, लेकिन निगम अधिकारी इसे कंपनी को आगे भेजकर शिकायत हल होने की जानकारी दे देते हैं, जबकि असल में लाइट्स ठीक नहीं होती हैं। 

 

यही वजह है कि निगम अब एल.ई.डी. लाइट्स की शिकायत आने पर शिकायत केंद्र पर अब मैसेज में कंपनी का टोल फ्री नंबर 18001803580 भी देगा। अगर लोग सीधे कंपनी के नंबर पर ही शिकायत दर्ज करवाते हैं, तो शिकायत जल्दी हल होगी।  

 

काम करने के लिए तय किया गया समय 
काम                               दिन 
पैच वर्क    5 
मलबा हटाने का समय    7
पेड़ों की छंटाई    6
स्ट्रीट लाइट्स की रिपेयर    3
लीकेज से पानी का लो प्रैशर    7
गंदे पानी की सप्लाई     2
ब्लॉक सीवर लाइन की सफाई    3
ब्लॉक रोड गली    2
डस्टबिन से कचरा हटाना    2
रोड्स की सफाई    2
फायर एन.ओ.सी. जारी करना    30


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News