शिखर दोपहरी: कहीं पानी में मस्तियां तो कहीं सुस्ती भरी उबासियां
punjabkesari.in Saturday, Apr 27, 2019 - 07:55 AM (IST)
![](https://static.punjabkesari.in/multimedia/2019_4image_07_54_53466415026pkl02.jpg)
जीरकपुर (विजय) गर्मी के तेवर दिन-ब-दिन और भी तल्ख होते जा रहे हैं। शुक्रवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सैल्सियस को पार कर गया। लोगों के तो पसीने छूटे ही, पशु-पक्षी तक परेशान हो गए। छत्तबीड़ जू के जानवर भीषण गर्मी से हलकान नजर आए। कोई छांव तलाश रहा था तो कोई पानी।
दिन के वक्त वैसे तो जू में घूमने आए सैलानियों की तादाद बेहद कम थी लेकिन जो लोग आए थे, उन्हें भी ज्यादातर जानवरों के दर्शन नहीं हुए क्योंकि वे इधर-उधर दुबके हुए थे। यहां शेरों का जोड़ा भी पस्त पड़ गया। हालांकि सफेद शेरनी दीया ने बीट द हीट अंदाज में गर्म मौसम को मात दी।
वह तालाब में खूब मस्ती करती नजर आई। वहीं, शेर अमन मचान के तले सुस्ता रहा था। वह उबासियों पर उबासियां ले रहा था। मानो सोच रहा हो कि बस, किसी तरह यह शिखर दोपहरी कट जाए। जल्द सूरज का तपता गोला ठंडा हो जाए और किसी साये की तरह शाम उसे अपने आगोश में ले ले।