पाक बॉर्डर के पास मिली साढ़े 10 किलो हैरोइन, केस दर्ज

Thursday, May 17, 2018 - 11:40 AM (IST)

मोहाली(कुलदीप) : 1 किलोग्राम हैरोइन सहित काबू दो आरोपियों की निशानदेही पर एस.टी.एफ. ने पाकिस्तान बॉर्डर के नजदीक खेतों में दबाई साढ़े 10 किलोग्राम हैरोइन बरामद की है। आरोपियों की पहचान जरनैल सिंह निवासी फिरोजपुर और सुखविन्द्र सिंह निवासी तरनतारन के रूप में हुई है। 

इनके खिलाफ एस.टी.एफ. के पुलिस स्टेशन मोहाली में एन.डी.पी.एस. एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। बुधवार को उन्हें मोहाली अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। 

जानकारी के मुताबिक एस.टी.एफ. की लुधियाना टीम ने दोनों आरोपियों को 1 किलोग्राम हैरोइन सहित फिरोजपुर से काबू किया था। आरोपी जरनैल सिंह के कब्जे से 600 ग्राम हैरोइन और सुखविन्द्र सिंह के कब्जे से 400 ग्राम हैरोइन बरामद की थी। दोनों ने पूछताछ में माना था कि वे पाकिस्तान से हैरोइन मंगवाते थे और पाक बॉर्डर के नजदीक जंगल के सामने खेतों में उन्होंने काफी मात्रा में हैरोइन दबाई है। 

इस पर एस.टी.एफ. की टीम के उच्चाधिकारी बार्डर सिक्योरिटी फोर्स (बी.एस.एफ.) के सीनियर अधिकारियों को साथ लेकर खेतों में गए तो आरोपियों ने जमीन खोद कर हैरोइन का बड़ा बैग बाहर निकाला। बैग में करीब साढ़े 10 किलोग्राम हैरोइन थी। हैरोइन वाले पैकेटों पर पाकिस्तानी स्टिकर लगे हुए थे। आरोपियों ने माना कि वे पाकिस्तानी तस्करों से वे हैरोइन मंगवाते थे और पंजाब में बेचते थे।

Punjab Kesari

Advertising