PU और PGI का हैरीटेज फर्नीचर शिकागो में होगा नीलाम

Thursday, Nov 23, 2017 - 02:33 AM (IST)

चंडीगढ़, (विजय गौड़): पंजाब यूनिवर्सिटी और पी.जी.आई. सहित अन्य कई सरकारी दफ्तरों में रखा गया हैरीटेज फर्नीचर अब एक बार फिर नीलाम होने जा रहा है। 14 दिसम्बर को शिकागो में हैरीटेज फर्नीचर की ऑक्शन होने जा रही है, जिसमें सारा फर्नीचर वह रखा गया है जिसे ली-कार्बूजिए के कजन पियरे जैनरे ने चंडीगढ़ में रहते हुए डिजाइन किया था।

खास बात यह है कि इस ऑक्शन में 18 फर्नीचर आइटम्स को रखा गया है। यह सारा फर्नीचर किसी समय चंडीगढ़ में था, लेकिन यह विदेशों तक कैसे पहुंच गया इस बारे में किसी को जानकारी नहीं है। यही वजह है कि इसकी शिकायत मिनिस्ट्री तक की जा चुकी है। मगर अभी तक कोई हल नहीं निकला। जिस कारण विदेशों में फर्नीचर की नीलामी धड़ल्ले से की जा रही है। यह वही ऑक्शन हाऊस है जहां पिछले साल दिसंबर में फ्रैंच आर्कीटैक्ट ली-कार्बूजिए द्वारा डिजाइन किए गए दो ओपन हैंड मॉन्यूमैंट को 16 लाख रुपए में बेचा गया था। चंडीगढ़ प्रशासन ने कुछ समय पहले एक कमेटी भी गठित की थी, लेकिन कमेटी भी इस निलामी को रोक पाने में नाकाम साबित हो रही है।

विदेशों में हो रही चंडीगढ़ के हैरीटेज फर्नीचर की नीलामी की शिकायत बार-बार न केवल चंडीगढ़ प्रशासन से की जा चुकी है बल्कि मिनिस्ट्री को भी इस बारे में सूचित किया जा चुका है। एडवोकेट अजय जग्गा ने मिनिस्ट्री के सामने यह मामला उठाते हुए इसकी जांच करवाने की मांग की थी। अपनी शिकायत में जग्गा ने कहा था कि इस बात की पूरी जानकारी हासिल की जाए कि शहर से हैरीटेज फर्नीचर विदेशों तक कैसे पहुंच गया। हालांकि अभी तक कहीं से भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।

Advertising