नहीं रुक रही हैरीटेज फर्नीचर की तस्करी, पेरिस में 1.75 करोड़ रुपए में हुआ नीलाम

punjabkesari.in Sunday, Dec 01, 2019 - 08:32 AM (IST)

चंडीगढ़(राजिंद्र) : शहर की हैरीटेज धरोहर की विदेशों में तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। इसका अंदाजा यहीं से लगाया जा सकता है कि शहर का हैरीटेज फर्नीचर एक बार फिर विदेश में नीलाम हुआ है। ली-कार्बूजिए के सहयोगी पियरे जेनरे द्वारा डिजाइन किए गए 6 हैरीटेज फर्नीचर को पेरिस में इस बार 1.75 करोड़ रुपए में नीलाम किया गया। 

इसमें पी.यू. की लाईब्रेरी का रीडिंग टेबल 89 लाख में बिका है। इसके अलावा कुर्सियां भी इस नीलामी में लाखों में बिकी हैं। ये सब ऐसे समय में हो रहा है, जब गृह मंत्रालय द्वारा हैरीटेज फर्नीचर की सेल और एक्सपोर्ट पर बैन लगाया हुआ है। फर्नीचर की नीलामी पर रोक लगाने के लिए केंद्र ने कई बार कदम उठाए, लेकिन हर बार विफलता ही हाथ लगी। एडवोकेट अजय जग्गा ने एडवाइजर और हैरीटेज आइटम प्रोटैक्शन सैल के चेयरमैन मनोज परिदा को इस संबंध में शिकायत दी है व तस्करी पर रोक लगाने की मांग की है।

विदेश की जांच एजैंसियों से शिकायत करनी चाहिए :
अजय जग्गा ने कहा है कि चंडीगढ़ का हैरीटेज फर्नीचर अमरीका, कनाडा, जर्मनी, यू.के., ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इजराइल समेत अन्य देशों में मौजूद है। इन देशों में भारतीय एम्बैसी को अलर्ट करना चाहिए। जग्गा ने बताया कि हैरीटेज फर्नीचर फर्जी दस्तावेजों की मदद से तस्करी के जरिए विदेश पहुंचा है। 

भारत से दूसरे देशों में जाने वाली इस तरह की आइटम के लिए आपातकालीन चैक रखने की जरूरत है। पिछले छह साल की ट्रांजैक्शन की भी जांच होनी चाहिए। इस तरह की ऑक्शन रोकने के लिए दूसरे देशों के साथ कूटनीतिक विकल्पों का इस्तेमाल भी होना चाहिए। भारत सरकार को यू.के., यू.एस.ए. और फ्रांस की जांच एजैंसियों को भी शिकायत करनी चाहिए।

छह आइटम हुई नीलाम :
नीलाम होने वाले फर्नीचर में आर्म चेयर 10 लाख 67 हजार, रीडिंग टेबल 89 लाख, कंगारू चेयर 29 लाख, 64 हजार, लकड़ी का डैस्क 6 लाख, पीजे सोफा 14 लाख 23 हजार और कुर्सियों का जोड़ा 11 लाख रुपए में नीलाम हुआ है।

अब तक विदेशों में बिका चंडीगढ़ का हैरीटेज फर्नीचर :

  • अक्तूबर 2018 को यू.के. में चंडीगढ़ का  हैरीटेज फर्नीचर 51.14 लाख में बिका।
  • 20 जनवरी 2018 को न्यूयार्क में 20 लाख में 
  • सितम्बर 2017 को यू.एस. में 13 लाख में
  • मई 2017 में लंदन में 6 आइटम डेढ़ करोड़ रूपए में 
  • जनवरी 2017 में न्यू जर्सी में 65.26 लाख में 
  • सितम्बर 2016 में न्यूयार्क में 25 लाख में
  • जून 2016 में न्यूयार्क में चार आइटम 1 करोड़ में बिकीं।

पियरे जेनरे ने डिजाइन किया था यह फर्नीचर :
चंडीगढ़ निर्माता ली कार्बूजिए के कजिन पियरे जेनरे ने इस फर्नीचर को डिजाइन किया था। जेनरे का डिजाइन किया फर्नीचर चंडीगढ़ प्रशासक के लगभग सभी विभागों और शिक्षण संस्थानों में है। इसके अलावा कैपिटल कॉम्प्लेक्स में हाईकोर्ट, विधानसभा और पंजाब एंड हरियाणा सैक्रेटेरिएट में भी ऐसा फर्नीचर मौजूद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News