अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मियों की कमी पूरी करने को सेना से मांगी मदद

Thursday, May 06, 2021 - 11:24 PM (IST)

चंडीगढ़,(राजिंद्र शर्मा) : शहर के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की काफी कमी है। इसलिए वीरवार को यू.टी. प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने सेना से मदद मांगी है। उन्होंने कहा है कि सेना के जवान पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में जिस तरह से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, चंडीगढ़ में भी उनका स्वागत है। मनोज परिदा ने कहा है कि सेना की तरफ से अगर चंडीगढ़ के सरकारी अस्पताल के लिए कुछ कर्मी दिए जाते हैं, तो प्रशासन की काफी मदद होगी।

 


राजिंदरा अस्पताल में सेवा दे रहे 30 जवान
गौरतलब है कि पटियाला के राजिंदरा अस्पताल के कोविड वार्ड में मरीजों की संभाल के लिए भारतीय सेना के 30 जवान भेजे हैं। ये जवान पी.पी.ई. किट पहनकर कोविड वार्ड में मरीजों की सेवा कर रहे हैं। कोविड वार्ड में तैनात करने से पहले जवानों को ट्रेनिंग भी दी गई थी।


पहले ही तैयारी करना चाहता है प्रशासन
बता दें कि शहर में कोरोना के केस बढ़ते जा रहे हैं, जिसके चलते प्रशासन पहले से ही इसके लिए तैयार रहना चाहता है। पहले प्रशासन ने विभिन्न संगठनों की मदद से कोविड केयर सैंटर बनाने शुरू किए और फिर सप्ताह के लिए मिनी लॉकडाऊन की भी घोषणा कर दी। अब मैनपॉवर की कमी को पूरा करने के लिए प्रशासन सेना से मदद की अपील कर रहा है। 
 

ashwani

Advertising