भाजपा ने 22 जिलों में खोले कोरोना मैडीकल सहायता केंद्र

Tuesday, Apr 20, 2021 - 07:26 PM (IST)

चंडीगढ़, (बंसल): हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि भाजपा ने प्रदेश के सभी 22 जिलों में कोरोना मैडीकल सहायता केंद्र खोले हैं। ये सहायता केंद्र सुबह आठ बजे से लेकर रात दस बजे तक 14 घंटे जिलों में उपलब्ध मैडीकल सुविधा की जानकारी देंगे। वह आज पार्टी प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इन सहायता केन्द्रों से कोई भी व्यक्ति किसी भी शहर के अस्पतालों में कोरोना संक्रमितों के लिए बिस्तरों, आक्सीजन, वेंटिलेटर और दवाईयों से जुड़ी जानकारी ले सकता है, जिससे कोरोना महामारी में लोगों को समय पर सहायता और इलाज उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा इन केन्द्रों के साथ ही भाजपा कार्यकत्र्ताओं ने आपूर्ति हैल्पलाइन की भी शुरूआत की है।

 

यदि किसी परिवार के सभी सदस्य कोरोना संक्रमित हो जाएं तो उनके लिए जरूरत के सभी सामानों की आपूर्ति हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तरीय कोरोना सुरक्षा सहायता केंद्र पंचकूला में खोला गया है जो सभी जिलों के सहायता केन्द्रों को उनके जरूरत की जानकारियां उपलब्ध करवाने का काम करेगा। धनखड़ ने बताया कि सभी जिलों में अधिक से अधिक लोगों तक सहयता पहुंच सके इसके लिए प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में एक-एक सर्विस टीम का गठन किया गया है।  


‘गेहूं के खरीद केन्द्रों पर भी कोरोना बारे जागरूकता अभियान चलाएंगे’ 
उन्होंने बताया कि इन सहायता केन्द्रों के साथ ही भाजपा का किसान मोर्चा प्रदेश में हो रही गेहूं की खरीद के लिए बने केन्द्रों पर भी कोरोना के प्रति जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को महामारी के बारे में बताएंगे और उन्हें मास्क, सैनेटाईजर बाटेंगे। उन्होंने कहा महामारी के खिलाफ इस जंग में युवा मोर्चा भाजपा के कार्यकत्र्ता भी प्लाज्मा डायरेक्टरी बनाकर जरूरतमंद लोगों की सहायता करेंगे।

युवा भाजपा कार्यकर्ता दो-दो जिलों को मिलकर एक डायरेक्टरी बनाएंगे और अगर किसी जिले में कोई और संस्था भी ऐसा कोई काम कर रही है तो उसका भी सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी ने कोरोना महामारी के लिए छिड़ी इस जंग में पार्टी से जुडे सभी केन्द्रीय मंत्री, सांसद, हरियाणा सरकार में मंत्री, विधायक, सभी जिला अध्यक्ष, पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रमुख कार्यकत्र्ताओं की भी ड्यूटियां लगा दी हैं। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े भाजपा कार्यकत्र्ताओं को टैली-मैडिसन के माध्यम से भी लोगों की हैल्प करने को कहा गया है।

Vikash thakur

Advertising