PGI में पेशैंट्स को मिलेगी एयर एम्बुलैंस की सुविधा, 2 हैलीपैड बनाने की प्लानिंग

Wednesday, Dec 06, 2017 - 07:53 AM (IST)

चंडीगढ़(अर्चना) : पी.जी.आई. ने पेशैंट्स को एयर एंबुलैंस की सुविधा के लिए काम शुरू कर दिया है। एयर एंबुलैंस के लिए पी.जी.आई. में हैलीपैड बनाने की प्लानिंग की जा रही है। दो ऐसे स्थानों की पहचान कर ली गई है जहां हैलीपैड बनाया जाएगा। पहला स्थान एडवांस कार्डियक सैंटर की छत रहेगी, जबकि दूसरा स्थान कार्डियक सैंटर के नजदीक बने स्पोर्ट्स काम्पलैक्स का ग्राऊंड है। 

 

सिर्फ इतना ही नहीं सारंगपुर की 50 एकड़ जमीन पर बनने जा रहे पी.जी.आई. के सैटेलाइट सैंटर में भी हैलीपैड बनाने के लिए विचार किया जा रहा है। सारंगपुर में दूसरा हैलीपैड बनने के बाद दूरवर्ती इलाकों के ट्रामा ग्रस्त पेशैंट्स को वहां के ट्रामा सेंटर में भी आसानी से पहुंचाया जा सकेगा। सिर्फ इतना ही नहीं हैलीपैड से उतरने वाले पेशैंट्स के लिए प्रबंधन ने अलग से डाक्टर्स की टीम के गठन और एमरजैंसी व इंटेंसिव केयर यूनिट्स में अलग से बैड रखने की प्लानिंग भी की है। 

 

कई राज्यों के पेशैंट्स पहुंचते हैं इलाज को :
हिमाचल प्रदेश से पी.जी.आई. में इलाज के लिए बीते साल 2,51,459 पेशैंट्स पहुंचे थे। पंजाब से आने वाले पेशैंट्स की तादाद 8,42,979 और हरियाणा के पेशैंट्स की संख्या 4,60,337 थी, जबकि चंडीगढ़ से सिर्फ 5,35,593 पेशैंट्स ने ट्रीटमैंट लिया। उत्तर प्रदेश से 1,12,300, जम्मू-कश्मीर से 48,457, उत्तराखंड से 29,805 और बाकि के राज्यों से 66,374 पेशैंट्स इलाज के लिए पी.जी.आई. आए।  

Advertising