जी.एम.सी.एच 32 के नर्सिंग स्टाफ ने फूंका अस्पताल प्रशासन का पुतला

Tuesday, Jan 17, 2017 - 12:15 AM (IST)

चंडीगढ़, (रवि): काफी अर्से से अपनी लंबित पड़ी मांगों के लिए संघर्ष कर रहे जी.एम.सी.एच 32 अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ ने सोमवार को रैली निकाली। रैली में कर्मचारियों ने हाथों में बैनर लेकर जमकर नारेबाजी की व अस्पताल प्रशासन का पुतला फूंका। दोपहर करीब 1 बजे एमरजैंसी से शुरू हुई रैली सैक्टर-32 की मार्कीट से होती हुई अस्पताल में आकर खत्म हुई। 2 घंटे चली इस रैली में करीब 400 से ज्यादा कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

नर्सिंग एसोसिएशन के प्रधान विजय कुमार ने बताया कि एक महीने पहले ही उन्होंने अस्पताल एडमिनिस्ट्रेशन को बकायदा इसके बारे में सूचित भी किया था लेकिन इसके बावजूद उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।

काम न करने की चेतावनी

नर्सिंग एसोसिएशन के प्रधान विजय की माने तो उनकी मांगे कई अर्से से लंबित पड़ी हैं। इसके बावजूद उन्हें पूरा नहीं किया जा रहा है। वहीं कर्मचारियों ने अस्पताल प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों को जल्द ही पूरा नहीं किया गया तो वे 1 फरवरी को न सिर्फ कामकाज बंद कर देंगे बल्कि भूख हड़ताल भी करेंगे।

कर्मचारियों ने बताया कि अस्पताल प्रशासन सिर्फ उन्हें आश्वसन देता आ रहा है लेकिन उनकी जायज मांगें पूरी नहीं कर रहा है। इसमें नर्सिंग केयर अलाऊंस, ट्रांसपोर्ट अलाऊंस, सैंटर का पे ग्रेड, खाली पड़े पद भरने,  प्रोमोशन जैसी कई मांगें शामिल हैं। विजय ने बताया कि हालांकि उन्होंने रैली निकाली है लेकिन अस्पताल का काम रुके, इसका उन्होंने बकायदा ध्यान रखा है। इसके लिए उनका आधा स्टाफ वर्किंग पर था ताकि मरीजों को किसी भी तहर की दिक्कत न आए।

 

Advertising