हरियाणा का बजट 12 को पेश होगा, सत्र 18 मार्च तक चलेगा

Friday, Mar 05, 2021 - 09:13 PM (IST)

चंडीगढ़ (बंसल/पांडेय): अनुमान के विपरीत हरियाणा का बजट 10 की बजाय 12 मार्च को पेश होगा, जबकि विधानसभा सत्र 18 मार्च तक चलेगा। बीते दिवस जारी शैड्यूल में बजट सत्र 16 मार्च तक चलना था। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि बिजनैस एडवाइजरी की कमेटी में यह शैड्यूल तय किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सत्र की अवधि को एक दिन और आगे भी बढ़ाया जा सकता है, ताकि सदन के सभी सदस्यों को अपनी बात कहने का अवसर मिल सके। बिजनैस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री ने ही सत्र की अवधि दो दिन बढ़ाने का निर्णय लिया। 

 


स्पीकर की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, डिप्टी सी.एम. दुष्यंत चौटाला, डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा, संसदीय कार्यमंत्री कंवर पाल गुर्जर व कांग्रेस की ओर से चीफ व्हिप व नूंह से विधायक आफताब अहमद मौजूद रहे। 


शुक्रवार को राज्यपाल अभिभाषण से बजट सत्र की शुरूआत हुई। शनिवार व रविवार को अवकाश रहेगा। इसके बाद 8 मार्च को दोपहर 2 बजे सत्र शुरू होगा और प्रश्नकाल के बाद राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा होगी। 9 को भी अभिभाषण पर चर्चा होगी। उसके बाद मुख्यमंत्री अभिभाषण की चर्चा पर जवाब दे सकते हैं। 10 मार्च को विधायी कामकाज निपटाए जाएंगे। 11 को महाशिवरात्रि की छुट्टी रहेगी।

 
‘मनोहर लाल पेश करेंगे दूसरा बजट’
12 मार्च को मुख्यमंत्री मनोहर लाल वित्त मंत्री होने के नाते दूसरी बार सदन में बजट पेश करेंगे। 12 मार्च को प्रश्नकाल नहीं होगा। 13 को शनिवार व 14 को रविवार का अवकाश रहेगा। 15 मार्च से बजट पर चर्चा शुरू होगी। 16 व 17 मार्च को भी इस पर चर्चा ही होगी। 17 मार्च को मुख्यमंत्री बजट चर्चा पर जवाब दे सकते हैं। 


‘8 मार्च को सदन की जिम्मेवारी संभालेगी महिला विधायक’
8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सदन की जिम्मेदारी महिला विधायक संभालेंगी। स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने सदन को बताया कि इसके लिए 4 महिला विधायकों सीमा त्रिखा, नैना चौटाला, निर्मल रानी तथा गीता भुक्कल को सदन चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बाद में उन्होंने किरण चौधरी का नाम इस सूची में शामिल किया। 
 

Vikash thakur

Advertising