PGI रूट पर बसें चलाने से पीछे हटा हरियाणा रोडवेज

Sunday, Feb 23, 2020 - 10:12 AM (IST)

चंडीगढ़(साजन) : पी.जी.आई. के रूट पर बसें चलाने का ख्वाब देख रहा हरियाणा रोडवेज अब इस रूट पर बसें चलाने से पीछे हट गया है। हरियाणा रोडवेज ने यह फैसला चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग के उस खुलासे के बाद किया गया जब बताया गया कि इस रूट पर सी.टी.यू. की ही राइडरशिप महज 32 प्रतिशत है। इसके बाद तो हरियाणा रोडवेज ने बसें चलाने की योजना पर पूर्णविराम लगा दिया है।

हरियाणा रोडवेज शहर में लोकल रूट पर अब बसें नहीं चलाएगा। लोकल रूट पर चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सी.टी.यू.) के घाटे को देखने के बाद ही हरियाणा रोडवेज ने यह फैसला किया है। एक बैठक के दौरान यू.टी. के ट्रांसपोर्ट सैक्रेटरी अजय कुमार सिंगला ने हरियाणा के अधिकारियों को बताया कि पी.जी.आई. रूट पर सी.टी.यू. की बसें ही घाटे में चल रही हैं, ऐसे में हरियाणा रोडवेज भी अगर बसें चलाता है तो वह भी घाटे में ही जाएगा।

नारायणगढ़ से पी.जी.आई. तक बस सर्विस शुरू करने के लिए भेजा था प्रस्ताव :
हरियाणा ने पंचकूला जिला के नारायणगढ़ से पी.जी.आई. तक बस सर्विस शुरू करने के लिए पिछले साल अक्तूबर में सी.टी.यू. को प्रस्ताव भेजा था, जिस पर चंडीगढ़ ने हामी भी भर दी थी।  

लेकिन बीते दिनों हरियाणा के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में ट्रांसपोर्ट सैक्रेटरी अजय कुमार सिंगला ने पी.जी.आई. रूट पर सवारियों का आंकड़ा दिया। आंकड़ों के अनुसार पी.जी.आई. रूट पर सिर्फ 32 फीसदी ही सवारियां हैं। इस जानकारी के बाद हरियाणा ने खुद ही बसें चलाने से इन्कार कर दिया।

इंटेलीजैंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम अपनाने की तैयारी :
यू.टी. के ट्रांसपोर्ट सैक्रेटरी अजय कुमार सिंग्ला ने कहा कि सी.टी.यू. जल्द ही इंटेलीजैंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम अपनाने जा रहा है। इस पर काम चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद लोग मोबाइल पर ओला-ऊबर की तरह ट्रैक कर सकेंगे। इससे सवारियों की संख्या बढ़ेगी। पंचकूला की सवारियों की समस्या का समाधान भी हो जाएगा।

मरीजों को परेशानी :
हरियाणा रोडवेज के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के विभिन्न जिलों से पिछले कई सालों से पी.जी.आई. तक बस सर्विस शुरू करने की डिमांड की जा रही है लेकिन यू.टी. होने की वजह से वह चला नहीं सकते। हरियाणा के विभिन्न हिस्सों से आने के बाद लोगों को कई बस बदलकर पी.जी.आई. पहुंचना पड़ता है। मरीजों को ऐसे में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। 

हरियाणा रोडवेज ने सिर्फ पंचकूला के विभिन्न हिस्सों को कवर करती हुई एक बस पी.जी.आई. तक चलाने की मांग की थी। सी.टी.यू. ने पंचकूला से पी.जी.आई. तक चलने वाली बसों का डाटा हरियाणा के अधिकारियों के साथ साझा किया। उन्होंने बताया है कि पंचकूला से पी.जी.आई. तक सी.टी.यू. की कई बसें चलती हैं। इनमें से ज्यादातर बसों की सीटें खाली ही रहती हैं। 

Priyanka rana

Advertising