केंद्रीय गृह मंत्री ने हरियाणा पुलिस को राष्ट्रपति निशान से किया अलंकृत

punjabkesari.in Tuesday, Feb 14, 2023 - 07:34 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा पुलिस की कार्यशैली के लिए राष्ट्रपति निशान प्रदान किया। अब हरियाणा पुलिस के कर्मचारी अपनी वर्दी पर बायं बाजू पर राष्ट्रपति निशान लगा सकेंगे। मंगलवार को करनाल में हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन के वच्छेर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह में शानदार परेड के बाद उपस्थित जवानों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने राष्ट्रपति निशान प्राप्त करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल व गृह मंत्री अनिल विज की कार्यशैली की भी सराहना की। इस अवसर पर शाह ने आज ही के दिन वर्ष 2019 में पुलवामा में एक कायराना हमले में शहीद हुए सी.आर.पी.एफ. के 40 जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के जन्मदिवस के अवसर पर उन्हें भी नमन किया।

 


केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हरियाणा पुलिस को राष्ट्रपति कलर अवॉर्ड देने का सम्मान आज उन्हें मिला है ये हरियाणा पुलिस का तो सम्मान है ही, परंतु मुझे भी बहुत गौरव की अनुभूति हो रही है कि हरियाणा पुलिस जैसी धाकड़ पुलिस को आज राष्ट्रपति सम्मान देने का अवसर उन्हें मिला है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रपति निशान 25 साल तक सातत्यपूर्ण सेवा व शौर्य और समर्पण से सेवा करने की समीक्षा के बाद पुलिस को दिया जाता है। अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रपति निशान से प्राप्त होने वाली हरियाणा पुलिस देश के 10 राज्यों में से एक पुलिस बन गई है। इससे पहले यह सर्वोच्च सम्मान मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, जम्मू कश्मीर, तमिलनाडु, त्रिपुरा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और असम राज्यों की पुलिस को मिला है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1951 में सबसे पहले यह निशान इंडियन नेवी को मिला था। उसके बाद में 10 पुलिस को और कई सी.ए.पी.एफ. को मिला है।
 

 

हरियाणा गठन के समय पुलिसकर्मियों की संख्या 12,000 थी जो अब बढ़कर 75,000 से अधिक पहुंची :
शाह ने कहा कि 1 नवम्बर, 1966 से अलग राज्य के रूप में हरियाणा जब अस्तित्व में आया है, तब 12,000 पुलिसकर्मियों के साथ अपना सफर शुरू किया था और आज हरियाणा पुलिस की संख्या 75,000 से अधिक पहुंची गई है। हरियाणा पुलिस आज 5 पुलिस रेंज, 4 पुलिस कमिश्नरेट और 19 जिला पुलिस तथा रेलवे पुलिस के माध्यम से जनता की सेवा और सुरक्षा का दायित्व निभा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जिस प्रकार से हरियाणा पुलिस ने अपनी जान की परवाह किये बगैर बहादुरी का परिचय दिया और हर मुसीबत में जनता की विपरीत परिस्थितियों में भी मदद की और बुजुर्गों की सहायता व कमजोर और बीमार की सहायता की, इसने न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देशभर में हरियाणा पुलिस ने एक बहुत अच्छी पहचान और विश्वास के वातावरण को निर्मित किया है।
 

 

 

2018 में स्थापित की गई हरियाणा पुलिस की स्पैशल टास्क फोर्स को केंद्रीय गृह मंत्री ने बधाई दी 
शाह ने कहा कि हरियाणावासियों के लिए यह गर्व की बात है कि हरियाणा में कानून एवं व्यवस्था की परिस्थिति अच्छी है और आज हरियाणा का नाम प्रथम रहता है। गत एक साल में हरियाणा पुलिस ने कई अंतर्राज्यीय गैंग का सफाया करने में केंद्रीय एजैंसियों, पंजाब पुलिस, दिल्ली पुलिस और राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर एक बहुत बड़ी सफलता हासिल की है। इसके लिए 2018 में स्थापित की गई हरियाणा पुलिस की स्पैशल टास्क फोर्स को केंद्रीय गृह मंत्री ने बधाई दी। उन्होंने हरियाणा पुलिस की स्थापना से लेकर अब तक शहीद हुए 83 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अॢपत की। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने 1984 से 1994 तक 10 साल पंजाब के आतंकवाद की पीड़ा भी झेला और उसका सामना कर विजय प्राप्त की।
 

 

 

डायल- 112 के माध्यम से हरियाणा पुलिस को लगभग 86 लाख से ज्यादा कॉल प्राप्त हुई :
उन्होंने कहा कि आमजन को आपात स्थिति में त्वरित सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से जुलाई 2021 में शुरू की गई डायल-112 के माध्यम से हरियाणा पुलिस को लगभग 86 लाख से ज्यादा कॉल प्राप्त हुई हैं। पुलिस का औसत रिस्पांस समय 11 मिनट 36 सैकंड था, जिसको कम कर 8 मिनट 22 सैकंड किया गया है, जो देश में दूसरे स्थान पर है।  केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हरियाणा में 29 साइबर थाने, 309 साइबर डैस्क स्थापित किए गए हैं, जो साइबर फ्रॉड के केसों पर नकेल कर रहे हैं। इंटर-ऑप्रेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आई.सी.जे.एस.) प्रोजैक्ट तथा सी.सी.टी.एन.एस. के सफल क्रियान्वयन के लिए हरियाणा पुलिस को देशभर में प्रथम स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उडऩदस्ता, एंटी करप्शन विंग के माध्यम से 1303 छापे मारकर प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है।  सरकार नशे के खिलाफ जीरो टोलरैंस नीति अपना रही है।
 

 

 

देशभर की पुलिस को टैक्नोलॉजी से युक्त किया जाएगा
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्रालय के अंतर्गत पुलिस टैक्नोलॉजी मिशन की स्थापना की है। इसके तहत भविष्य की चुनौतियों के देखते हुए देशभर की पुलिस को टैक्नोलॉजी से युक्त किया जाएगा। कांस्टेबल से लेकर डी.जी.पी. तक को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद आतंकवादी घटनाओं में भारी कमी आई है और टूरिज्म भी बढ़ा है। इसके अलावा, पूर्वोत्तर राज्यों में भी शांति आई है। वामपंथी उग्रवाद पर अंकुश लगा है।
 

 

 

हरियाणा पुलिस के तीन शब्द - सेवा, सुरक्षा व सहयोग, केवल शब्द नहीं है, बल्कि भावना के प्रतीक: मनोहर लाल
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा पुलिस को राष्ट्रपति निशान प्रदान करनके के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस के तीन शब्द सेवा, सुरक्षा व सहयोग, यह केवल तीन शब्द नहीं है, बल्कि हमारे भावना के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से 370 धारा और 35 ए को समाप्त करने का जो साहसिक कार्य किया गया है, उससे एक निशान, एक विधान और एक प्रधान का सपना साकार हुआ है। इसी प्रकार नागरिकता संशोधन कानून व अयोध्या में भगवान श्री राम जी के भव्य मंदिर बनाने का काम किया है।
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा का अंदाज और हरियाणा का मिजाज कुछ हटकर है। ये अंदाज और मिजाज आज हरियाणा के खानपान व बोली और यहां के रहन सहन में बखूबी नजर आता है। उन्होंने कहा कि पिछले 56 वर्षों से हरियाणा पुलिस को जन सेवा के लिए कई उपलब्धियों हासिल हुई हैं और गृहमंत्री होने के नाते मुझे आनंद की अनुभूति हो रही है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा पुलिस के 56 वर्षों के गौरवशाली इतिहास पर कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया। पुलिस महानिदेशक पी.के. अग्रवाल ने हरियाणा पुलिस को राष्ट्रपति निशान देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का आभार व अभिनंदन व्यक्त किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News