नेक पहल - कोरोना संक्रमितों की मदद के लिए आगे आई हरियाणा पुलिस

Thursday, May 06, 2021 - 07:53 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): हरियाणा पुलिस ने एक बार फिर सेवा-सुरक्षा-सहयोग के नारे को मूर्तरूप देते हुए कोरोना संक्रमित रोगियों की सहायता के लिए पहल की है। पुलिस की 440 ‘कोविड-19 अस्पताल परिवहन सेवा’ जरूरतमंद संक्रमितों को नि:शुल्क घर से अस्पताल और वापस घर लेकर जाएंगी। पुलिस मुख्यालय ने इस कार्य के लिए सभी जिलों में अस्थायी रूप से 440 नई इनोवा गाडिय़ां देने की व्यवस्था की है। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) मनोज यादव ने बताया कि हर जिले में संक्रमितों को नि.शुल्क परिवहन सेवा के लिए 20 टोयोटा इनोवा एस.यू.वी. दी जा रही हैं।

 


‘आज पहुंचेगी 70 इनोवा’
अब तक सभी जिलों में कुल 126 एस.यू.वी. वाहन उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। इनमें से 26 गाडिय़ां हिसार रेंज जबकि 20-20 गुरुग्राम पुलिस कमिश्नरेट और रोहतक रेंज, 10-10 वाहन फरीदाबाद और पंचकूला कमिश्नरी में, 12-12 अम्बाला और करनाल रेंज में तथा 16 वाहन साऊथ रेंज, रेवाड़ी में दिए गए हैं। 70 एस.यू.वी. आज जिलों में पहुंच जाएंगे और शेष 244 को रविवार सायं तक भेज दिया जाएगा।

 


‘108 नंबर पर ले सकते हैं मदद’
डी.जी.पी. ने कहा कि कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस वाहन विशेष रूप से कोविड मरीजों को नि:शुल्क परिवहन सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से दिए गए हैं। जरूरतमंद व्यक्ति 108 या संबंधित जिले के पुलिस कंट्रोल रूम नंबर पर डायल कर सकते हैं। इन वाहनों को चलाने वाले पुलिस कर्मी किसी भी संक्रमण के संपर्क में न आएं इसके लिए ड्यूटी पर रहते हुए मास्क, दस्ताने और पी.पी.ई. किट पहनेंगे। राज्य पुलिस बल कोविड महामारी की घातक लहर के बीच संक्रमितों की मदद के लिए चिकित्सकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्यरत है। उन्होंने कहा कि जिला इकाईयां कानून व्यवस्था बनाए रखने सहित नियमित कत्र्तव्यों का निर्वहन करते हुए जरूरी संसाधनों की व्यवस्था करने में नागरिक प्रशासन को भी पूरा सहयोग दे रही है।
 

Ajesh K Dharwal

Advertising