लोग कहते थे, तेरा बेटा कनाडा में पला-बढ़ा है पंजाबी में गाना तो दूर, वह बोल भी नहीं पाएगा : हरभजन मान
punjabkesari.in Wednesday, Jul 03, 2019 - 02:31 PM (IST)
चंडीगढ़(पाल) : एक पॉलिटिशियन और एक्टर का बेटा उनकी फील्ड में जा सकता है, लेकिन एक सिंगर का बच्चा सिंगर बने, वह चाहकर भी नहीं हो सकता। जब तक कि उसके पास हुनर न हो। 27 साल से अपनी गायकी व एक्टिंग से पंजाबी इंडस्ट्री को एक अलग मुकाम तक पहुंचाने वाले सिंगर हरभजन मान कहते हैं कि वह खुशकिस्मत हैं कि उनके बेटे के पास वह हुनर है जो एक गायक को चाहिए। बचपन में कई लोगों ने उसे तो कहा कि वह अपने पिता जैसा बनेगा, हालांकि वह इस फील्ड को चुने, यह उसका खुद का फैसला है।
मंगलवार को हरभजन अपने बेटे अवकाश मान के पहले पंजाबी सिंगल ट्रैक को प्रोमोट करने शहर पहुंचे। हरभजन ने बताया कि एक पिता के लिए इससे बड़ी खुशी नहीं हो सकती कि उसका बेटा अपने पैरों पर खड़ा हो रहा है। मेरे लिए यह खुशी इस लिए ज्यादा है कि उसने बिना मेरी मदद के अपना रास्ता खुद बनाया है।
मेरी इच्छा थी कि अवकाश पंजाबी में गाने गाए
बेटा मेरा कनाडा में पला-बढ़ा है। कुछ साल उसने चंडीगढ़ व पटियाला से स्टडी जरूर की है। कई लोग कहा करते थे कि तेरा अवकाश कनाडा में रहता है तो शायद हिंदी पंजाबी में गाना तो क्या बोल भी नहीं पाता होगा। फर्क है कि वह न सिर्फ इंग्लिश बल्कि हिंदी पंजाबी में भी बखूबी गा लेता है। पिछले साल ही अवकाश ने पहला इंग्लिश ट्रैक रिलीज किया था। मुझे पंजाबी के अलावा किसी ओर लैंग्वेज में गाना नहीं आता। सच कहूं तो मेरी खुद की भी इच्छा थी कि जिस बोली ने मुझे यहां पहुंचाया वह इसमें जरूर गाए।
शुक्र है, बेटे में हरभजन मान नहीं दिखता
मुझे पता था कि बेटा इस फील्ड में आएगा तो जाहिर सी बात है कम्पैरिजन होगा ही, जिस अंदाज से मैं गाता हूं या मैंने काम किया है अगर वही सब अवकाश की गायिकी में आ गया तो वह मजा नहीं आएगा। हर इंसान की अपनी एक अलग पहचान है उसका खुद का एक स्टाइल होना चाहिए। जो उसे दूसरे से अलग पहचान दिलाए। मैं खुश हूं कि मेरे बेटे में लोगों को मेरी झलक नहीं दिखाई देगी। इतना जरूर उसे कहता हूं कि जो भी गाए वह एक जिम्मेदारी से गाए। पंजाबी गायिकी आज एक ऐसे दौर से गुजर रही है जिससे ओर कोई वाकिफ है। मैंने अपने करियर में वॉयलैंस या दूसरे ऐसे शब्दों को यूज नहीं किया है उम्मीद है कि वह भी इसे फॉलो करे, ऐसे गाने गाए जिनका एक मीनिंग हो।
मान का बेटा नहीं भी होता तो सिंगर बनता
बचपन से घर में म्यूजिक का माहौल देखा है। जब पापा की तरह इस लाइन में आने का सोचा तो एक बड़ी जिम्मेदारी भी मेरे कंधों पर है। पिता हरभजन मान के बारे में बेटे अवकाश ने कहा कि मान साहब ने पंजाबी विरासत आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने अपनी जिंदगी के इतने साल इसमें दिए हैं। ऐसे में उनके नाम को आगे लेकर जाना है। पता है कि हर कदम पर उनसे तुलना होगी, लेकिन इसके लिए तैयार हूं। मां-पिता का हमेशा सपोर्ट रहा है। गायिकी से प्यार बचपन से है। कह सकता हूं कि अगर नॉन फिल्मी बैकग्राउंड से भी होता तो सिंगर ही बनता। अवकाश न्यूयार्क फिल्म अकैडमी व मुंबई से एक्टिंग का कोर्स भी कर चुके हैं। कहते हैं कि वह अगर कोई रोल आता है तो वह फिल्मों में भी एंट्री करेंगे, लेकिन फिलहाल उनका फोकस अपने सिंगिंग करियर पर है। अपने पिता के साथ स्टेज शेयर करने पर उन्होंने कहा कि अगर कोई अच्छा कोई गीत आता है तो वह पिता के साथ जरूर गाएंगे।
