गायनोकोलॉजिस्ट डॉक्टर पूनम भार्गव पर गिर सकती है गाज

Monday, Feb 24, 2020 - 11:46 AM (IST)

पंचकूला(आशीष) : सैक्टर -6 सिविल अस्पताल की गायनोकोलॉजिस्ट डॉ. पूनम भार्गव पर गर्भपात के बदले बीस हजार रुपए मांगने के मामले में गाज गिर सकती है। सी.एम.ओ. की ओर से गठित की गई जांच कमेटी ने रिपोर्ट हरियाणा स्वास्थ्य महानिदेशक एस.बी. कंबोज को दे दी है। सोमवार को इस मामले में एक्शन लिया जा सकता है। बीते शनिवार को गर्भपात करने के बदले पैसे मांगने का गायनोकोलॉजिस्ट डॉ. पूनम भार्गव का वीडियो सामने आया था। 

इस पर सी.एम.ओ. डॉ. जसप्रीत कौर ने कमेटी गठित कर मामले की रिपोर्ट मांगी थी। कमेटी की ओर से की गई जांच रिपोर्ट हरियाणा स्वास्थ्य महानिदेशक ने मांगी थी। उन्हें यह रिपोर्ट सब्मिट कर दी गई। हरियाणा स्वास्थ्य निदेशक एस.बी. कंबोज ने बताया कि मामले की प्राइमरी रिपोर्ट मेरे पास आई है। अभी इस मामले में डॉ. पूनम भार्गव और शिकायतकत्र्ता के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसमें जो भी दोषी होगा, उस पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।

कन्या भ्रूण हत्या का है मामला :
वीडियो में डॉ. पूनम भार्गव एक व्यक्ति की पत्नी के पेट में पल रही चार महीने की बच्ची को गिराने के लिए 20 हजार रुपए मांग रहीं हैं। बच्ची गिराने के लिए डॉक्टर दवाइयां लिखकर देती है। उसके बाद व्यक्ति को अगले दिन सुबह नौ बजे आने को कह रही हैं। वीडियो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के पास पहुंचने के बाद डॉ. पूनम भार्गव के कमरे को सील कर दिया गया था।

20 हजार रुपए मांगे थे डॉक्टर ने :
वीडियो में एक सरदार डॉ. पूनम भार्गव और उनके अधीन काम करने वाली महिला कर्मचारी दिख रही है। जिससे सरदार एवं डॉ. पूनम भार्गव के बीच खुलकर बातचीत हो रही है। पूनम भार्गव अपनी असिस्टैंट को दवाइयां लिखकर देती भी दिखाई दे रही हैं। वीडियो में बीस हजार रुपए अबॉर्शन करने के चार्ज भी बताते हुए डॉ. पूनम भार्गव का वीडियो सामने आया है।
 

Priyanka rana

Advertising