जी.एस.टी. कलैक्शन अक्तूबर में पिछले साल के मुकाबले रही अधिक

Monday, Nov 01, 2021 - 06:25 PM (IST)

चंडीगढ़, (राजिंद्र शर्मा) : मिनी लॉकडाऊन का शहर की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा था, जिससे अब शहर धीरे-धीरे उभरना शुरू हो गया है। यही कारण है कि पिछले साल के मुकाबले अक्तू बर महीने में ग्रोस जी.एस.टी. कलैक्शन में 4 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। प्रशासन ने कोरोना संबंधित लगभग सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं। यही कारण है कि अब कलैक्शन में सुधार होना शुरू हो गया है, लेकिन दूसरे राज्यों के मुकाबले बढ़ोत्तरी अभी भी कम है। 

 

गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जी.एस.टी.), एक्साइज और वैल्यू एडिड टैक्स (वैट) चंडीगढ़ प्रशासन के खजाने को भरने में अहम भूमिका अदा करते हैं, लेकिन लॉकडाऊन की  वजह से इनकी कलैक्शन पर बड़ा असर रहा है। जी.एस.टी. कलैक्शन में पिछले साल अक्तूबर माह के मुकाबले 4 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। अक्तूबर 2020 में जी.एस.टी. कलैक्शन 152 करोड़ रुपए था, जबकि इस बार ये बढ़कर 158 करोड़ रुपए हो गया है। हालांकि पड़ोसी राज्य पंजज्ब ने जी.एस.टी. कलैक्शन में पिछले साल के मुकाबले अधिक बढ़ोतरी दर्ज की है। पंजाब ने अक्तूबर 2020 में 1376 करोड़ रुपए वसूले थे, जबकि इस साल 1595 करोड़ रुपए एकत्रित किए हैं। यह पिछले साल से 16 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं, हरियाणा ने अक्तूबर 2020 में 5433 करोड़ रुपए वसूले थे, जबकि इस साल 5606 करोड़ रुपए एकत्रित किए हैं। यह पिछले साल से सिर्फ 3 प्रतिशत ही ज्यादा है। गौरतलब है कि जी.एस.टी. पैट्रोल और शराब को छोड़कर अन्य पर वसूला जाता है।

 

लॉकडाऊन के बाद से आई थी गिरावट 
शहर में लॉकडाऊन के बाद से जी.एस.टी. कलैक्शन में पिछले साल के मुकाबले हर महीने गिरावट देखी जा रही थी। अधिकतर राज्य व केंद्र जासित प्रदेशों को इस घाटे से  उबरने के लिए काफी मश्क्कत करनी पड़ी। यू.टी. प्रशासन की तरफ से कलैक्शन बढ़ाने के लिए कई प्रयास किए गए, लेकिन वह सभी काफी नहीं रहे हैं। प्रशासन के अधिकारियों को उम्मीद थी कि वर्ष 2021 में जी.एस.टी. कलैक्शन में अधिक बढ़ोत्तरी होगी, लेकिन यह उम्मीद के मुताबिक कम है। प्रशासन ने अब लोगों को अवेयर करना भी शुरू कर दिया है, ताकि अधिक कलैक्शन हो सकें, क्योंकि जी.एस.टी. रिटर्न में चंडीगढ़ हमेशा आगे रहा है। 


रिटर्न फाइल करने में शहर हमेशा रहा आगे
शहर में जी.एस.टी. रिटर्न फाइल कराने को लेकर विभाग की तरफ से सख्ती की जाती है। यही कारण है कि रिटर्न फाइल करने में शहर हमेशा आगे रहा है। यही कारण है कि समय-समय पर रिटर्न फाइल करने को लेकर विभाग की तरफ से चेतावनी जारी की जाती है, ताकि वह 100 प्रतिशत रिटर्न का लक्ष्य हासिल कर सकें। विभाग नियमित रूप से रिटर्न फाइल नहीं करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटने की योजना बना रहा है। अगर ऐसे टैक्स पेयर्स अपनी रिटर्न फाइल नहीं करेंगे तो वह उनका जी.एस.टी. रजिस्ट्रेशन कैंसिल कर देगा। 

Rajinder sharma

Advertising