मनोहर राज में खेल जगत में महाशक्ति बना हरियाणा, चीन में लहराया देश का परचम

punjabkesari.in Wednesday, Oct 04, 2023 - 09:05 PM (IST)

चंडीगढ़,(पांडेय): मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार द्वारा बनाई गई खेल नीति, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर व खिलाडिय़ों को मुहैया करवाई जा रही सुविधाओं की बदौलत प्रदेश के खिलाड़ी विश्व पटल पर हरियाणा का नाम चमका रहे हैं। चीन में चल रहे एशियन गेम्स में भी हरियाणा के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे देशभर के कुल 655 खिलाडिय़ों में से 85 खिलाड़ी हरियाणा से हैं। अब तक भारतीय खिलाडिय़ों ने कुल 71 मैडल जीते हैं। इनमें 19 मैडल हरियाणा के खिलाडिय़ों के नाम हैं। 6 गोल्ड, 3 सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मैडल लेकर हरियाणा के खिलाड़ी देश की पदक तालिका में काफी आगे बने हुए हैं। महिला हो या पुरुष खिलाड़ी हर खेल में प्रदेश के युवा छाए हुए हैं।

 

 


निशानेबाजी में हरियाणा के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया है। 10 मीटर एयर पिस्टल टीम इवैंट में फरीदाबाद के शिवा नरवाल ने गोल्ड मैडल जबकि अम्बाला जिले के रहने वाले सरबजोत सिंह ने 10 मीटर पिस्टल टीम इवैंट में स्वर्ण पदक और मिक्स्ड में सिल्वर पदक हासिल किया। 25 मीटर रेपिड फायर पिस्टल में फरीदाबाद के आदर्श सिंह ने टीम इवैंट में ब्रॉन्ज और करनाल के अनीश भानवाला ने ब्रॉन्ज मैडल जीता है। वहीं 25 मीटर स्पोटर््स पिस्टल में फरीदाबाद की रिदम सांगवान और झज्जर की मनु भाकर ने गोल्ड पर निशाना साधा। शूटिंग में ही 10 मीटर एयर पिस्टल में झज्जर की पलक ने व्यक्तिगत श्रेणी में गोल्ड और टीम इवैंट में सिल्वर मैडल हासिल किया। इसी स्पर्धा में कुरुक्षेत्र की रमिता ने टीम इवैंट में सिल्वर और व्यक्तिगत श्रेणी में ब्रॉन्ज मैडल पर निशाना लगाया।

 

 


क्रिकेट में भारतीय महिला टीम ने गोल्ड पर कब्जा जमाया, इस टीम में रोहतक की शैफाली वर्मा शामिल थीं। वहीं यमुनानगर के गांव शाहपुर के युवा खिलाड़ी परमिंद्र सिंह ने रोइंग क्वाड्रपल स्कल में कांस्य पदक जीता। पंचकूला के आर्यन पाल सिंह घुमन ने पुरुषों की 3000 मीटर स्पीड स्केटिंग रिले रेस में कांस्य पदक जीता है। एथलैटिक्स में सोनीपत की सीमा पूनिया ने डिस्कस थ्रो में ब्रॉन्ज मैडल जबकि महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में फरीदाबाद की प्रीति लांबा ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा रोहतक की प्रीति पंवार ने बॉकिं्सग में 54 किलोग्राम भारवर्ग में ब्रॉन्ज मैडल अपने नाम किया। वहीं रोहतक के ही परवीन हुड्डा ने 57 किलोग्राम भारवर्ग में ब्रॉन्ज पर कब्जा जमाया। साथ ही हिसार के नरेंद्र बेरवाल ने बॉकिं्सग में 92 प्लस किलोग्राम भारवर्ग में ब्रॉन्ज मैडल जीता।  

 

 


मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में खेलों का एक ऐसा माहौल तैयार हुआ है कि आज हरियाणा खेलों का हब बन चुका है। वर्तमान राज्य सरकार द्वारा खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाने के लिए विजेता खिलाडिय़ों को सर्वाधिक पुरस्कार राशि दी जा रही है। इसके अलावा, प्रशिक्षण के साथ-साथ खिलाडिय़ों की खुराक में भी किसी प्रकार की कोई कमी न रहे इसके लिए खिलाडिय़ों को प्रतिदिन 400 रुपए खुराक राशि दी जाती है। 

 

 


वर्तमान प्रदेश सरकार ने हमेशा ही खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाने का काम किया है। आज हरियाणा की पहचान पदक की फैक्ट्री के रूप में बन गई है। इसी का नतीजा है कि अन्य राज्य भी हरियाणा की खेल नीति का अनुसरण करने लगे हैं। हरियाणा सरकार की खेल नीति जहां खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने और उन्हें अधिकतम नकद पुरस्कार प्रदान करने के लिए पहचानी जाती है वहीं खिलाडिय़ों को नौकरी में आरक्षण आदि सुविधाओं के कारण भी इस नीति की प्रदेशभर में खूब चर्चा होती है। राज्य सरकार की बेहतर खेल नीति के कारण ही एक किसान का बेटा भी विदेश की धरती पर गोल्ड जीतने का दम रखता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sub Editor

Ajay Chandigarh

Related News