कब्रिस्तान की बदलेगी सूरत, निगम 34.79 लाख से करेगा मुरम्मत

Saturday, Jun 10, 2017 - 08:27 AM (IST)

चंडीगढ़(राय) : सैक्टर-25 में स्थित कब्रिस्तान में शेड की मुरम्मत, नवीकरण और फिक्सिंग के लिए नगर निगम 34.79 लाख रुपए खर्च करेगा। निगम की वित्त एवं अनुबंध समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में सैक्टर-27, 28, 29, 30, 32 और 46, चंडीगढ़ में 41.53 लाख रुपए की अनुमानित लागत से विभिन्न सड़कों पर थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग पेंट प्रदान करने और बिछाने का प्रस्ताव पारित किया गया। 

 

इसके अतिरिक्त सैक्टर-19 ए, बी, सी एंड डी में टो की दीवार व फ्लैट रेलिंग लगाने की 41.36 लाख की अनुमानित लागत का प्रस्ताव, सैक्टर-45 और 33में टी -3 जंक्शन में सुधार के लिए 34.10 लाख का प्रस्ताव, सैक्टर 21-बी, मकान नंबर-1171 से 1187/1041 से 1138, सैक्टर-19-ए और बी में मकान नंबर-1138 से 1142 के बाहर फुटपाथ पर पी.सी.सी. टाईलें लगाने के लिए 31.64 लाख रुपए का प्रस्ताव भी पारित किया गया। 

 

इसके अतिरिक्त फायर स्टेशन मनीमाजरा के बाहर की सड़क पर सैंट्रल वेज पर पी.सी.सी. टाइल लगाने के लिए 25.99 लाख, 21.63 लाख रुपए की अनुमानित लागत से सैक्टर-27-ए, बी, सी और डी के पार्क में बच्चों के लिए झूले उपलब्ध कराने, निगम के प्रशासनिक नियंत्रण के तहत सिविल डिस्पैंसरी में मानव शक्ति के विभिन्न वर्गों की भर्ती, 8-सी मध्य मार्ग की भूमिगत पार्किंग ट्रैंडर्स एसोसिएशन को सौंपने के लिए का प्रस्ताव भी पारित किया गया। 

 

निगम की आर-9, उप-डिवीजन में केंद्र लाइन और थर्माप्लास्टिक्स के साथ एज मार्किंग का 38.14 लाख रुपए का प्रस्ताव, सैक्टर-55 में सड़क के दोनों किनारों पर पी.सी.सी. टाईल्स लगाने पर 26.27 लाख खर्च होगा।

 

पदों को भी दी मंजूरी :
बैठक में रोड विंग में रोड इंस्पैक्टर/ चार्जमैन/ वर्क इंस्पैक्टर/वर्क मुंशी के पद भरने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई । निगम सैक्टर-16 में शांति कुंज के बाहर स्थित स्टालों को भी नीलाम करेगा। इनकी आरक्षित कीमत 55,000 रुपए तय की गई। 

 

मेयर आशा जसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में निगमायुक्त कविता सिंह, और समिति के अन्य सदस्य अजय दत्ता, अरुण सूद, देविंद्र सिंह बबला, जगतार सिंह, कंवरजीत सिंह ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त निगम के अतिरिक्त आयुक्त उमा शंकर गुप्ता, संयुक्त आयुक्त कैप्टन मनोज खत्री, चिकित्सा अधिकारी डा. पी.एस. भट्टी और नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। 
 

Advertising