बरगाड़ी बेअदबी कांड के गवाहों को सुरक्षा प्रदान करे सरकार: भगवंत मान

Sunday, Apr 18, 2021 - 10:33 PM (IST)

चंडीगढ़, (रमनजीत): पंजाब पुलिस के आई.जी. कुंवर विजय प्रताप सिंह द्वारा हाल ही में पंजाब के डी.जी.पी. और अतिरिक्त मुख्य गृह सचिव को बेअदबी कांड के गवाहों से संबंधित लिखे गए पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान ने कहा कि एस.जी.पी.सी. और अकाली दल गवाहों को लालच देकर मुकरवाना चाहती है। उन्होंने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब जी बेअदबी मामले से लाखों लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई है, लेकिन मामले को दूसरा रूप देने के लिए गवाहों को निशाना बनाया जा रहा है।

मान ने कहा कि गवाह को निशाना बनाने संबंधी आई.जी. कुंवर विजय प्रताप सिंह के पत्र ने एस.ए.डी. और एस.जी.पी.सी. को उजागर किया है और इस पर चुप्पी से कै. अमरेंद्र सिंह पर भी सवाल उठ रहे हैं। मान ने राज्य सरकार से बेअदबी कांड मामले के गवाहों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। 

 


कै. अमरेंद्र सिंह पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि कैप्टन सरकार मामले को हाईकोर्ट में ठीक से पेश करने में फेल रही है। अब कम से कम मामले से जुड़े गवाहों को तो सुरक्षा प्रदान करे। सरकार गवाहों को कम से कम इतना सुरक्षा प्रदान करें कि वे खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें और उनका परिवार भी सुरक्षित रहे, ताकि जब वे सुनवाई के लिए अदालत में जाएं तो उन्हें कोई दबाव महसूस न हो। मान ने कहा कि आई.जी. कुंवर विजय प्रताप ने खुद को मिली धमकी को भी उजागर किया है, लेकिन कै. अमरेंद्र ने भी इस पर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया। अगर एक आई.जी. स्तर के अधिकारी को धमकी भरे कॉल मिल रहे हैं तो आम लोग जैसे गवाहों को कौन बचाएगा!

Taranjeet Singh

Advertising