गरीब रथ में सवार महिला जज समेत 12 लोगों से लूट

punjabkesari.in Thursday, Jan 24, 2019 - 08:40 AM (IST)

रोहतक(स.ह.) : रोहतक पहुंची गरीब रथ ट्रेन में बुधवार सुबह महिला जज समेत 12 लोगों से लूटपाट का मामला सामने आया है। जी.आर.पी. मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी अनुसार अजमेर-चंडीगढ़ गरीब रथ जो कि बुधवार सुबह 3 बजकर 12 मिनट के करीब रोहतक से अगले स्टेशन मकड़ोली के लिए निकली थी। 

इस दौरान 10 के करीब नकाबपोश लुटेरे जी-9 कोच में सवार हुए। इसके बाद गाड़ी के दोनों तरफ के दरवाजों को उन्होंने लॉक कर दिया। बदमाशों के पास तेजधार हथियार व देसी कट्टा आदि था। बदमाशों ने करीब 12 लोगों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने करीब पौने 2 लाख की नकदी व गहने लूटे और चेन पुलिंग कर फरार हो गए। 

हैरानी की बात यह है कि घटना के समय वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड जी-8 कोच में आराम फरमा रहे थे। इस मामले में मुख्य बात यह भी सामने आई है कि जिन लोगों से लूट हुई उनमें अचला शर्मा, ए.डी.जे. दौसा राजस्थान भी शामिल थीं व उनसे भी नकदी लूटी गई। 

सूत्रों की मानें तो उन्होंने इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहीं मामला हाईप्रोफाइल होने की वजह से चंडीगढ़ मुख्यालय में बैठने वाले आलाधिकारियों के संज्ञान में भी लाया गया है।

जीरो एफ.आई.आर. चंडीगढ़ में, जी.आर.पी. रोहतक करेगी जांच :
सोनिया से डायमंड का मंगलसूत्र, अचला शर्मा से 40 हजार रुपए कैश, मोबाइल फोन, 2 सोने की अंगूठियां, सोने की चेन और टॉप्स, जिज्ञासा से 3 हजार रुपए, राजीव खन्ना से 10 हजार रुपए, बयांत सिंह से 10 हजार रुपए, विनोद भारती से एक गोल्ड चेन, विजय कुमार से 3 हजार रुपए, हरप्रीत सिंह से 25  हजार रुपए लूटे। 

फिलहाल मामले को रोहतक पुलिस को भेज दिया गया है। जी.आर.पी. चंडीगढ़ के एस.एच.ओ. नरेश चंद ने बताया कि टी.टी.ई. मिट्ठू शर्मा की शिकायत पर जीरो एफ.आई.आर. दर्ज करके मामला रोहतक जी.आर.पी. को रैफर कर दिया है। मामला रोहतक जी.आर.पी. के अधीन क्षेत्र में हुआ है, ऐसे में मामले की जांच अब जी.आर.पी. रोहतक करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News