दुकानों के आगे कूड़ा डालने वालों की अब खैर नहीं

Sunday, Jan 21, 2018 - 11:33 AM (IST)

पंचकूला(मुकेश) : स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 में अव्वल लाने के लिए अब अपील के साथ नगर निगम सख्त होने जा रहा है। निगम द्वारा दुकानों के आगे कूड़ा रखने वालों के चालान काटे जाएंगे। 

 

निगम की टीम को सर्वे के दौरान यदि किसी भी दुकान के आगे गंदगी और कूड़ा बिखरा पाया गया, तो उसका 500 रुपये का चालान काटा जाएगा। निगम कमिश्नर राजेश जोगपाल की ओर से आदेश जारी करते हुए कहा कि सार्वजनिक जगह पर कहीं भी कूड़ा मिलने पर दोषी के खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। खुले में शौच करने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाया जा रहा है। अब तक लगभग 151 चालान काटे जा चुके हैं। 

 

19 स्थानों पर नए मोबाइल शौचालय रखवाए :
राजेश जोगपाल और कार्यकारी अधिकारी ओ.पी. सिहाग ने बताया कि निगम द्वारा 19 स्थानों पर निगम एरिया में नए मोबाइल शौचालय लगवा दिए गए हैं। इसके अलावा 64 पब्लिक शौचालय, 42 सामुदायिक शौचालय एवं 29 मोबाइल शौचालय काम कर रहे हैं। 

 

कई जगहों पर सिंगल सीट शौचालय लगा दिए गए हैं। जोगपाल ने बताया कि विभिन्न सामाजिक संगठन भी इस काम में सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं। इन शौचालय की देखरेख का काम सुलभ इंटरनैशनल को सौंप दिया गया है। लगभग 40 शौचालय में फीडबैक संयंत्र लगवाए जा रहेे हैं, जिसमें तीन बटन लगाए जा रहे हैं, लाल, पीला और हरा। 

 

बी.एस.एन.एल. से इस संबंध में करार हुआ है। सार्वजनिक शौचालय का प्रयोग करने के बाद कोई भी व्यक्ति अपनी फीडबैक दे सकता है, अच्छे के लिए हरा, खराब के लिए लाल और ठीक-ठीक के लिए पीला बटन दबा सकते हैं। इसकी पूरी फीडबैक स्वच्छ भारत मिशन केंद्र सरकार के पास पहुंच जाएगी। 

 

ओ.पी. सिहाग ने बताया कि स्वच्छ मैप डाऊनलोड करने के लिए जागरुकता अभियान जोरों पर है। इस ऐप्प के जरिए जहां कहीं भी कचरे का स्थान दिखे, तो स्वच्छ मैप ऐप्प पर लाल बटन दबाएं। तुरंत ही इसकी सूचना निगम के पास पहुंचेगी। जी.पी.एस. तकनीक के माध्यम से कचरे का ट्रक अंकित कूड़े के स्थान पर पहुंच जाएगा और समस्या हल कर दी जाएगी। 

Advertising