पोस्टमार्टम में हुआ खुलासा-सोनू शाह की सिर मेें 2 गोली लगने से हुई थी मौत

Monday, Sep 30, 2019 - 09:57 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : गैंगस्टर संपत नेहरा से बहस करने पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीन गैंगस्टरों ने सोनू शाह पर दस गोली दागी थी। सिर में दो गोली लगने से सोनू शाह की मौत हुई है। यह खुलासा रविवार को जी.एम.सी.एच.-32 में मैडीकल बोर्ड द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में हुआ। 

सोनू शाह पर गैंगस्टरों ने .32 बोर और .30 बोर की पिस्तौल से हमला किया था। पोस्टमार्टम के दौरान जी.एम.सी.एच.-32 में परिजनों समेत 70 से 80 युवक मौजूद थे। जांच में सामने आया कि सोनू शाह की हत्या के समय उसके आफिस में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे बंद थे। किसी ने आफिस में सी.सी.टी.वी. कैमरों का प्लग निकाला हुआ था, जिस कारण पुलिस को फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान नहीं हो सकी।

कमरा किराये पर लेने के बहाने आया था एक हत्यारा :
पुलिस जांच में सामने आया कि एक हत्यारा सोनू शाह के आफिस में कमरा किराये पर लेने के बहाने आया था। हत्यारे ने सोनू शाह को कहा था कि वह उसे रोपड़ जेल में मिला था। इतने में सोनू कुछ कह पाता तो पीछे से आए दो युवकों ने सोनू शाह पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। 

चंडीगढ़ पुलिस की मानें तो जोगिंदर पहलवान भी सोनू शाह से तीन महीने बाद मिलने आया था। वह भी बुडै़ल में ही फाइनांस का काम करता था। पुलिस ने सोनू शाह की हत्या के बाद उसके नजदीकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन आठ घंटे की पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया था। वहीं जी.एम.सी.एच.-32 में जोगिंदर की आपरेशन के बाद गोली निकाल दी है और छाती में पाइप डाली गई है, ताकि इंफैक्शन न हो।

सी.सी.टी.वी. फुटेज से चेहरे पहचानने की कोशिश की जा रही :
वहीं पुलिस को एक सी.सी.टी.वी. फुटेज बरामद हुई है, जिसमें सोनू शाह की हत्या के बाद चार युवक गली से निकलकर सफेद गाड़ी में बैठते हुए कैद हुए हैं। पुलिस उस सी.सी.टी.वी. फुटेज को साफ कर हत्यारों के चेहरे पहचान करने में लगी हुई है। 

पुलिस की प्राथमिक जांच में आया कि सोनू शाह की हत्या के लिए किसी जानकार ने ही पूरी रैकी की थी। सोनू शाह की सारी दिनचर्या के बारे में हत्यारों को बताया था। जांच में सामने आया कि हत्यारे सोनू शाह को जानते नहीं थे। इसी के चलते उन्होंने आफिस में आने से पहले सोनू शाह की पहचान की थी।

पुलिस छावनी में बदला श्मशानघाट :
सोनू शाह के संस्कार से पहले चंडीगढ़ पुलिस ने सैक्टर-25 स्थित शमशानघाट को छावनी में तबदील कर दिया। वहीं जी.एम.सी.एच.-32 के डाक्टरों ने सोनू शाह के शव का पोस्टमार्टम करके दोपहर बाद परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव को लेकर अस्पताल से सीधा श्मशानघाट आए। इस दौरान करीब 100 से ज्यादा लोग संस्कार में शामिल हुए। पुलिस को शक है कि शहर में गैंगवार हो सकती है। इसी के चलते सी.आई.डी. और थाना पुलिस को अलर्ट कर रखा है। 

लॉरेंस बिश्नोई और संपत नेहरा को पुलिस लाएगी प्रोडक्शन वारंट पर :
सोनू शाह की हत्या के मामले में पुलिस गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और संपत नेहरा की भूमिका की जांच करेगी। इस को लेकर राजस्थान की जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई और हरियाणा की जेल में बंद गैंगस्टर संपत नेहरा को पुलिस टीम प्रोडक्शन वांरट पर लेकर आएगी। इसके अलावा पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों की डिटेल पंजाब और हरियाणा पुलिस से हासिल की है, ताकि पुलिस उनकी धरपकड़ कर सके। 

पुलिस इन थ्योरी पर कर रही काम :

  • हत्यारों को पकडऩे के लिए पुलिस विभाग ने क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की स्पैशल टीमें गठित कर दी हैं। 
  • केस सॉल्व करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस की टीम पंजाब और हरियाणा के लिए रवाना हो गई है।  
  • पुलिस सी.सी.टी.वी. फुटेज, कॉल डिटेल और डंप डाटा खंगाल रही है। 
  • हत्या में इस्तेमाल सफेद कार का सुराग लगाने के लिए पुलिस हरियाणा और पंजाब से लूटी कारों का डाटा हासिल कर रही है। 
  • सोनू शाह के जेल में रहने के दौरान रोपड़ और बुडै़ल जेल में किस-किससे दुश्मनी हुई 
  • प्रॉपर्टी डीलिंग और फाइनांस के बिजनेस के दौरान उसकी किस किससे दुश्मनी थी। 
  • सोनू शाह पर दर्ज हुए विभिन्न आपराधिक केसों को लेकर किस किससे दुश्मनी थी।
  • सोनू शाह द्वारा दर्ज करवाए गए आपराधिक मामलों में आरोपियों से क्या दुश्मनी थी। 
  • पुलिस मृतक सोनू शाह, जोगिदर पहलवान और रोमी के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है। 

Priyanka rana

Advertising