गैंगरेप मालमे में महिला सब इंस्पैक्टर, मोरनी चौकी इंचार्ज सहित तीन पुलिस कर्मी सस्पैंड

Friday, Jul 20, 2018 - 07:40 PM (IST)

चंडीगढ़ (संदीप): मोरनी के एक होटल में महिला के साथ 4 दिन में 30 लोगों द्वारा दुष्कर्म करने के मामले में पंचकूला पुलिस की घोर लापरवाही सामने आई है। महिला अपने पति के साथ जब शिकायत देने पंचकूला सैक्टर-5 स्थित महिला थाने पहुंची तो पुलिस ने उनकी एक न सुनी। 

 

उन्हें चंडीगढ़ पुलिस को शिकायत देने की बात कहते हुए वहां से चलता कर दिया गया। जब मामला सुर्खियों में आया और पंचकूला पुलिस की किरकिरी हुई तो आलाधिकारियों ने पंचकूला महिला थाने में तैनात सब इंस्पैक्टर, मोरनी चौकी इंचार्ज सहित 3 पुलिस कर्मियों को तुरंत प्रभाव से सस्पैंड कर उनके खिलाफ जांच के आदेश दे दिए। 

 

होटल में काम देने की बात कह कर संचालक लेकर गया था 
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसका पति टेलर है। उसे भी काम की तलाश थी। मोरनी के गांव कैंमवाला स्थित होटल के संचालक सन्नी ने उसके पति को कहा कि वह अपने होटल में पीड़िता को सफाई के काम पर रख लेगा। 15 जुलाई को पीड़िता का पति उसे लेकर नालागढ़ गया था। यहां से सन्नी उसे अपनी कार में अपने होटल ले गया। 

 

15 से 18 जुलाई तक होटल में आने वाले 30 लोगों ने उसके साथ रेप किया। जब पीड़िता ने पति को कॉल करने की कोशिश की तो सन्नी ने ऐसा नहीं करने दिया। 18 जुलाई की रात जैसे-तैसे वह होटल से निकलकर अपने पति के पास पहुंची और आपबीती सुनाई। 

 

होटल संचालक और मैनेजर न्यायिक हिरासत में भेजे  
पीड़िता द्वारा मनीमाजरा थाना पुलिस को जब इस विषय में शिकायत दी गई तो पुलिस ने पीड़िता का मैडीकल करवाने के बाद एफ.आई.आर. दर्ज कर ली। पुलिस ने होटल में दबिश दे कर होटल संचालक सन्नी और मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 
 
 

पंचकूला महिला थाना पुलिस पर फरियाद न सुनने के आरोप 
मनीमाजरा थाना पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने पंचकूला महिला थाना पुलिस पर उसकी फरियाद न सुनने और उसकी शिकायत पर किसी भी तरह की कार्रवाई न करने के आरोप लगाए हैं। यहां पुलिस ने पीड़िता को कहा कि आप लोग चंडीगढ़ में रहते हैं तो आपकी शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ही कार्रवाई करेगी। 

 

कोट्स
पुलिस ने होटल संचालक और मैनेजर को काबू कर लिया है। केस पंचकूला पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है। -सतीश कुमार, डी.एस.पी., ईस्ट डिवीजन।  

 

कोट्स
कोताही बरतने वाले तीन पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। महिला थाने की सब इंस्पैक्टर, मोरनी चौकी इंचार्ज सहित तीन को सस्पैंड कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। -राजिंद्र कुमार मीना, डी.सी.पी., पंचकूला   

Punjab Kesari

Advertising