जश्न-ए-आजादी : तस्वीरों में देखें...परेड ग्राऊंड में हुई फुल ड्रैस रिहर्सल

Monday, Aug 14, 2017 - 10:20 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चंडीगढ़ पुलिस ने शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डी.आई.जी. से लेकर कांस्टेबल मुस्तैद हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने करीब 700 पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की डयूटी पर लगाया है। इनमें 6 डी.एस.पी., 25 इंस्पैक्टर समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल किए हैं। 

 

रविवार को चंडीगढ़ पुलिस ने सार्वजनिक स्थान, शापिंग मॉल और बस स्टैंड पर चैकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध घूमने वालों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वहीं चंडीगढ़ के एंट्री प्वाइंट पर पंचकूला, मोहाली और जीरकपुर बैरियर पर सी.आर.पी.एफ. और थाना पुलिस लगाई है। एंट्री प्वाइंट पर पुलिसकर्मी वाहनों की चैकिंग कर रहे हैं। इसके अलावा सैक्टर-17 परेड ग्राऊंड को पुलिस ने छावनी में तबदील कर दिया है। 

 

इसके अलावा कैट, ज्यूडीशियल कांपलेक्स, सैक्टर 22के शोरूमों पर आपरेशन के कमांडों और जवानों की डयूटी लगा रखी है। पुलिसकर्मी छतों पर से संदिग्धों पर नजर बनाए हुए हैं। स्वतंत्रता दिवस मनाने को लेकर रविवार सुबह सैक्टर-17 परेड ग्राऊंड में फुल ड्रैस रिहर्सल हुई। इस दौरान डी.आई.जी. डा. ओमप्रकाश मिश्रा, एस.एस.पी. ईश सिंघल, एस.पी. आप्रेशन रवि कुमार और एस.एस.पी. ट्रैफिक एंड सिक्योरिटी शशांक आनंद मौजूद थे। फुल ड्रैस रिहर्सल में स्कूली बच्चे, फायरमैन समेत अन्य मौजूद थे। 


10 से 2 बजे तक सिटी सील नाके :
स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा को लेकर चंडीगढ़ पुलिस द्वारा रात 10 से 2 बजे तक 70 सिटी सील नाके लगाए जाएंगे। इस दौरान 6 डी.एस.पी., सैक्टर-17 थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज समेत अन्य इंस्पैक्टर मौजूद रहे। 300 पुलिसकर्मी संदिग्धों की चैकिंग करेंगे। इसके अलावा सिटी सील नाकों पर खुद डी.आई.जी. से लेकर एस.एस.पी. भी मौजूद रहेंगे। 
 

Advertising