कनाडा भेजने के नाम पर 10 लाख की ठगी, चार पर केस

Saturday, Dec 01, 2018 - 10:03 AM (IST)

मोहाली(कुलदीप) : टैली फिल्में बनाने की आड़ में विदेश भेजने को लेकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने ऐसे ही ढंग से ठगी करने वाले चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों में के.वी.एस. रंधावा निवासी डेराबस्सी, राजेश कंबोज निवासी यमुना नगर (हरियाणा), दीपक मलिक निवासी मोहाली तथा एक मैगजीन के मालिक शीतल दास कतरु बताए जाते हैं।

20 लाख रुपए में पक्की हुई थी डील :
शिकायतकर्ता करमजीत सिंह निवासी गांव हल्लोमाजरा (चंडीगढ़) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चंडीगढ़ तथा हिमाचल प्रदेश में गाडिय़ों की खरीदो फरोख्त करने का काम करता है। उसके किसी जानकार शीतल दास कतरू ने उसे बताया कि हैंड्स पिक्चर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी टैलीफिल्में बनाने का काम करती है। 

उसी की आड़ में कंपनी लोगों को विदेश भेजने का काम भी करती है। शीतल दास ने उसे राजेश कंबोज, के.वी.एस. रंधावा तथा दीपक से मेल करवाया और कहा कि कैनेडा में एक फिल्म की शूटिंग की जानी है। उन्होंने पासपोर्ट ऑफिस में अपनी अच्छी जान पहचान बारे बताया। इसके बाद शिकायतकत्र्ता ने कनाडा जाने की बात की और 20 लाख रुपए में डील पक्की हो गई। 

न विदेश भेजा, न पैसे लौटाए :
पहली किस्त के तौर पर दस लाख आरोपियों को दे दिए। उसके बाद न तो उसे कनाडा भेजा और न ही पैसे वापस किए। पुलिस स्टेशन सोहाना में शिकायकर्ता करमजीत सिंह निवासी गांव हल्लोमाजरा (चंडीगढ़) की शिकायत पर मैगजीन के मालिक शीतल दास कतरु, के.वी.एस. रंधावा निवासी डेराबस्सी, राजेश कंबोज निवासी यमुना नगर (हरियाणा), दीपक मलिक निवासी मोहाली, आई.पी.सी. की धारा 406, 420 तथा 120बी के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
 

Priyanka rana

Advertising