ग्राऊंड फ्लोर बेचने के नाम पर महिला से 12 लाख ठगे

Sunday, Mar 15, 2020 - 02:14 PM (IST)

पंचकूला(चंदन) : सकेतड़ी की रहने वाली महिला से प्रॉपर्टी बेचने के नाम पर 12 लाख रुपए ठग लिए। सैक्टर-5 थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

पुलिस के अनुसार सकेतड़ी निवासी सरोज गुप्ता ने शिकायत में बताया कि सैक्टर-4 स्थित गांव हरीपुर में बुटीक का काम करती है। उनकी जान-पहचान मोहम्मद हसीब व उसका भाई तौशीब, शबाना और उनका चचेरा भाई अली मोहम्मद जो कि सैक्टर-21 मेंं एक सैलून चलाता है। इनको चार-पांच साल से जानती हूं और बुटीक पर काम करवाने आते-जाते रहते थे।

बहला-फुसला कर बनाया शिकार :
गत 13 जनवरी 2019 को सभी आरोपी उनके बुटीक पर आए और उनसे अपने घर का ग्राऊंड फ्लोर बेचने की बात की। आरोपियों का घर पीरमुच्छला में हैं। आरोपियों ने बताया कि पैसों की सख्त जरूरत है। मोहम्मद हसीब ने विश्वास दिलाया कि यह उसका अपना मकान है। 

इस पर सिर्फ एक बैंक का लोन है। जिसे वह उनके हक में रजिस्ट्री करवाने से पहले ही खत्म करवा देगा। आरोपियों ने बहला-फुसला कर ग्राऊंड फ्लोर खरीदने के लिए राजी कर लिया। इसके बाद मोहम्मद हसीब के खाते में 3.50 लाख रुपए ट्रांसफर करवा दिए।

आरोपियों ने ले रखा है 7 लाख रुपए का लोन :
इस प्रकार भरोसे में लेकर आरोपियों ने 12 लाख रुपए ले लिए और 23 जुलाई 2019 को रजिस्ट्री भी नहीं करवाई। आरोपियों ने उनसे कहा कि बैंक से रजिस्ट्री वापस नहीं मिली है। मोहम्मद हसीब ने रजिस्ट्री की तिथि  बढ़ाकर 23 अगस्त कर दी थी। 

उसी दौरान पता चला कि बैंक से आरोपियों ने 7 लाख का लोन ले रखा है और वह पैसा भी जमा नहीं करवाया है। वहीं सरोज गुप्ता ने दी शिकायत में बताया है कि आरोपी ने पूरा मकान को बेचने का सौदा किसी और व्यक्ति से भी कर रखा है। आरोपी ने उस व्यक्ति से 10 लाख रुपए लिए हुए हैं। आरोपी ने कई लोगों से धोखाधड़ी की है। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
 

Priyanka rana

Advertising