केस लडऩे का झांसा देकर हाईकोर्ट के वकील के खाते से उड़ाए 75 हजार रुपए

Friday, Feb 14, 2020 - 12:57 PM (IST)

पंचकूला(मुकेश) : पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे वकील से किसी अज्ञात आरोपी ने उनके बैंक खाते से ऑनलाइन 75 हजार रुपए उड़ा लिए। आरोपी ने पहले वकील से फौजी बनकर मोबाइल पर संपर्क किया। 

उसने कहा कि वह उनके माध्यम से एक सिविल केस करना चाहता है। उसने कहा कि कश्मीर में तैनात होने के कारण वह तो नहीं आ सकता। उसकी पत्नी उनके घर आकर मिल लेगी। इसके बाद आरोपी ने वकील से उनकी फीस पूछी। फिर फीस को उनके बैंक खाते में जमा करवाने के लिए उनसे उनका ए.टी.एम. कार्ड का नंबर और अन्य जानकारी हासिल कर ली। 

वकील को पूरी तरह विश्वास में लेकर आरोपी ने उनके मोबाइल नंबर पर आया ओ.टी.पी. भी पूछ लिया। इसके बाद लगातार चार ट्रांजेक्शन कर वकील के बैंक खाते से 75 हजार रुपए साफ कर दिए। आरोपी ने यह ट्रांजेक्शन 31 अक्तूबर 2019 की रात को की। इसका पता लगने पर वकील ने एच.डी.एफ.सी. बैंक की सैक्टर-6 स्थित शाखा जाकर अपने डेबिट कार्ड और बैंक खाते को ब्लॉक करवाया। वकील की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। 

Priyanka rana

Advertising