फ्रांसीसी प्रेजिडेंट का चंडीगढ़ ट्रिप फाइनल

punjabkesari.in Tuesday, Jan 12, 2016 - 11:06 AM (IST)

चंडीगढ़।(विजय गौड़): फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद 24 जनवरी को चंडीगढ़ आ रहे हैं। वह यहां कुछ घंटे ही यहां रुकेंगे। वह शहर में कार्बूजिए का आर्किटेक्चर वर्क देखेंगे और फिर 24 जनवरी को ही दिल्ली रवाना हो जाएंगे। इससे पहले उनके चंडीगढ़ में रात को रुकने के कयास लग रहे थे। यह भी साफ हो गया है कि राष्ट्रपति ओलांद का प्लेन सीधे चंडीगढ़ के एयरपोर्ट पर ही लैंड करेगा। 
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे राष्ट्रपति ओलांद चंडीगढ़ पहुंच जाएंगे। इसके बाद वह कैपिटल कांप्लेक्स का दौरा कर ली कार्बूजिए के आर्किटेक्चर वर्क को देखेंगे। फिर यहां से रॉक गार्डन के लिए रवाना होंगे। रॉक गार्डन के बाद वह सेक्टर-10 के गवर्नमेंट आर्ट एंड म्यूजियम का रुख करेंगे। इसके बाद वह टैगोर थियेटर में चयनित लोगों से बातचीत करेंगे। राष्ट्रपति सेक्टर-19 स्थित ली कार्बूजिए सेंटर का दौरा भी कर सकते हैं।
गृह सचिव ने लिया तैयारियों का जायजा : राष्ट्रपति ओलांद के आगमन से पहले शहर को चमकाने का काम शुरू हो गया है। खासकर उन स्थानों पर प्रशासन का विशेष ध्यान है जो राष्ट्रपति को दिखाए जाने हैं। सोमवार को गृह सचिव अनुराग अग्रवाल ने कैपिटल कांप्लेक्स, रॉक गार्डन, टैगोर थियेटर और म्यूजियम का दौरा कर तैयारियों का हाल जाना। गृह सचिव ने सुरक्षा कारणों से पुलिस को भी निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि अभी राष्ट्रपति का मिनट टू मिनट का शेड्यूल नहीं आया है, लेकिन यह तय है कि वह 24 को आ रहे हैं और इसी दिन यहां से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News