चोरी की गाड़ी में घूमने वाले पूर्व ASI को 3 साल की सजा

Wednesday, Jan 23, 2019 - 08:41 PM (IST)

चंडीगढ़ (संदीप): इंस्पैक्टर बनकर चोरी की कार में घूमने के आरोपी पंजाब पुलिस के पूर्व ए.एस.आई. को दोषी पाते हुए जिला अदालत ने उसे 3 साल की सजा सुनाई है। सजा के साथ अदालत ने दोषी जरनैल सिंह पर 11 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। 

 

सैक्टर-11 थाना पुलिस ने जरनैल सिंह के खिलाफ वर्ष 2011 में केस दर्ज किया था। थाना पुलिस द्वारा दायर केस के अनुसार 12 दिसम्बर, 2011 को सैक्टर-11 थाने में तैनात सब इंस्पैक्टर सोहन लाल पुलिस पार्टी के साथ एरिया में गश्त कर रहा था। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि पंजाब पुलिस में बतौर ए.एस.आई. कार्यरत जरनैल सिंह खुद को पंजाब पुलिस का इंस्पैक्टर बता रहा है। 

 

उसने पंजाब पुलिस की वर्दी पहनी हुई है। उसके पास पंजाब पुलिस के इंस्पैक्टर का जाली आई.डी. कार्ड है। उसके पास एक चोरी की पजैरो गाड़ी भी है। जिसके संबंध में दिल्ली के लाजपत नगर थाने में चोरी होने का मामला दर्ज है।

 

खुड्डा लाहौरा पुल पर नाका लगाकर पकड़ा था
पुलिस पार्टी ने खुड्डा लाहौरा पुल के पास नाका लगाकर रात करीब 8 बजे वहां से आ रही पजैरो कार को रोक लिया। नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने गाड़ी पर लगे नंबर की जांच की तो नंबर फर्जी पाया गया। गाड़ी की ड्राइवर सीट पर बैठे व्यक्ति ने पंजाब पुलिस के इंस्पैक्टर की वर्दी पहनी हुई थी। जांचने पर चालक ने अपनी पहचान जरनैल सिंह के रूप में बताई और कहा कि वह पंजाब पुलिस में कार्यरत है। 

 

जब जरनैल सिंह से गाड़ी के दस्तावेज मांगे गए तो उसने गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सार्टिफिकेट पुलिस को दिया। जब गाड़ी की जांच की तो पता चला कि गाड़ी का असली नंबर कुछ और है। यह कार चोरी की थी। इससे संबंधित एफ.आई.आर. दिल्ली में दर्ज थी। 

 

इसके बाद जरनैल सिंह को काबू किया गया। जरनैल सिंह की तलाशी के दौरान पुलिस को उसकी जेब से दो आई.डी. कार्ड बरामद हुए, जिसमें से एक आई.डी. कार्ड पंजाब पुलिस के इंस्पैक्टर रैंक का था। जबकि दूसरा आई.डी. कार्ड ए.एस.आई. रैंक का था।

pooja verma

Advertising