रविवार को रवि के नहीं हुए दर्शन, चिल हुआ चंडीगढ़

punjabkesari.in Sunday, Jan 10, 2021 - 11:25 PM (IST)

चंडीगढ़, (पाल) : तीन दिन से धूप ने शहर का पारा बढ़ा दिया था, लेकिन शनिवार रात से ठंड एकदम से बढ़ गई। रविवार सुबह की शुरूआत धुंध और ठंडक के 
साथ हुई। दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र की मानें तो अगले तीन दिन तक शहर का मौसम ऐसा ही रहने वाला है। बादल छाए रहेंगे, जिसकी वजह से पारा और गिरेगा। इसी बीच रविवार का अधिकतम पारा 8 डिग्री लुढ़क गया। तापमान 12.0 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड हुआ जो जनवरी के महीने का अब तक सबसे कम अधिकतम तापमान है। 

 


शिमला से ठंडा चंडीगढ़
इससे पहले 2 जनवरी को अधिकतम तापमान 15.7 रिकार्ड हुआ था। वहीं रविवार को शिमला का अधिकतम तापमान 18.9 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री कम होकर 9.4 डिग्री रिकार्ड हुआ। विजि़बिलिटी 500 मीटर से नीचे आ पहुंची है। जबकि रविवार को शहर में 6 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली। 


तापमान और गिरने की संभावना
अगले चार-पांच दिन में तापमान और गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में अगले कुछ दिन में तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर भी फिर से बर्फबारी हुई है, जबकि कुछ अन्य हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जिसकी वजह से ठंड बढ़ी है।


3 साल बाद जनवरी में पारा 12 डिग्री
पिछले दो दिन से मौसम में जिस तरह से बदलाव हुआ है। उसने शहर में एक बार फिर ठंड बढ़ा दी है। रविवार को अधिकतम तापमान 12 डिग्री सैल्सियस पंहुच गया। इस साल का यह अभी का सबसे ठंडा दिन रहा है। साल 2018 के बाद यह पहली बार है कि अधिकतम तापमान इतना कम रिकार्ड हुआ है। इससे पहले साल 2018 में जनवरी में अधिकतम तापमान 12.3 डिग्री दर्ज हुआ था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

ashwani

Recommended News

Related News