रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जल्द ही मिलेगी ये बड़ी सुविधा

punjabkesari.in Tuesday, Jan 31, 2017 - 07:29 PM (IST)

चंडीगढ़, (लल्लन): ट्रेन में मिलने वाले भोजन को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों से परेशान होकर अब रेलवे ने देश के 48 रेलवे स्टेशनों पर फूड वैंडिंग मशीन लगाने का विचार बनाया है। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 3 फूड वैंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी। इस मशीन का संचालन इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन (आई.आर.सी.टी.सी.) की ओर से किया जाएगा। इन मशीनों को लगाने के लिए करीबन 3 करोड़ रुपए खर्चे जाएंगे।

 

यात्रियों को यह सुविधा जुलाई तक मिलने की उम्मीद है। मशीन में रुपए डालने के बाद उसमें से पैकेट बंद भोजन मिलेगा। इसके साथ ही मशीन पर सामान की की रेट लिस्ट भी लगी होगी। खाद्य पदार्थ बेहतरीन कंपनी के होंगे। 

 

यात्रियों से नहीं वसूल पाएंगे मनमाने पैसे :
रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में स्टॉल संचालक और वैंडर अक्सर यात्रियों से खाने-पीने की चीजों के मनमाने दाम वसूलते हैं। वहीं खाना भी अच्छी क्वालिटी का नहीं होता। इस पर लगाम लगाने के लिए रेलवे ने फूड वैंडिंग मशीन लगाने का विचार बनाया है। शताब्दी तक में यात्रियों को कई बार खराब खाना मिलने की शिकायतें आती रहती हैं। शताब्दी में कुछ समय पहले ही डिब्बा बंद खाने में कॉकरोच मिला था। रेलवे स्टेशन के स्टाल के सैंपल भी कई बार फेल हुए रहे हैं। प्लेटफार्म नंबर 1 पर दो फूड और दूसरे प्लेटफार्म पर 1 मशीन लगाई जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News