साइकिलिस्ट की सुरक्षा पर भी फोकस कर रहा प्रशासन

Tuesday, Sep 26, 2017 - 08:38 AM (IST)

चंडीगढ़ (विजय) : चंडीगढ़ में पब्लिक बाइक शेयरिंग सिस्टम प्रोजैक्ट लांच करने की तैयारी शुरू कर ली गई है। इसके तहत सबसे पहले एजैंसी फाइनल करने का प्रोसैस चल रहा है, लेकिन साथ ही साइकिल टै्रक्स में साइकिलिस्ट की सुरक्षा पर भी फोकस रखा गया है। इसके लिए अब साइकिल ट्रैक्स में रंबल स्ट्रिप्स लगाने की योजना तैयार की है। इसके साथ ही शहर के सभी साइकिल टै्रक्स में विशेषतौर पर साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे। जिसके लिए लगभग 32 लाख रुपए का टैंडर जारी किया गया था। दरअसल शहर में जितने साइकिल ट्रैक्स हैं उनमें से कुछ में इतना स्पेस है कि मोटरसाइकिल और कार चालक उसे शॉर्टकट के तौर पर प्रयोग करने में भी गुरेज नहीं करते हैं। यही कारण है कि साइकिलिस्ट को सुरक्षित माहौल देने और शहर में साइकिल कल्चर को प्रोमोट करने के लिए अब टै्रक्स में रंबल स्ट्रिप्स लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। 

 

पहले शुरुआती 30 सैक्टर में लगेंगे 
शहर में साइकिल ट्रैक्स को बढ़ाने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम ने कई तैयारियां की हैं, लेकिन इस प्रोजैक्ट के तहत सबसे पहले सैक्टर-1 से लेकर सैक्टर-30 में रंबल स्ट्रिप्स लगाई जाएंगी। प्रशासन द्वारा इन सैक्टर्स में रंबल स्ट्रिप्स के रिस्पांस के बाद अन्य सैक्टर में भी यही प्रोजैक्ट आगे शुरू करेगा। शहर में लो-कॉस्ट और एन्वायरन्नमैंट फै्रंडली ट्रांसपोर्ट सिस्टम देने के लिए पब्लिक बाइक शेयरिंग सिस्टम के तहत 500 स्टेशन तैयार किए जाएंगे। साथ ही शहर में एक साथ 5000 साइकिल्स भी लांच की जाएंगी। 

 

मोबाइल एप पर दिख सकेंगे साइकिल ट्रैक्स
एजैंसी द्वारा एक वैबसाइट भी तैयार की जाएगी। पी.बी.एस. की स्मार्ट फोन एप्लिकेशन भी तैयार होगी, जिसमें सिस्टम की पूरी जानकारी होगी। इसमें शहर के सभी साइकिल ट्रैक्स की भी जानकारी मिलेगी। शहर के भीतर ही साइकिल्स टै्रक का पूरा मैप होगा। फोन से ही पता चल पाएगा कि कहां कितनी साइकिल्स की संख्या है। फेयर कैल्क्यूलेटर, यूजर अकाऊंट्स, पहले के ट्रिप और अकाऊंट बैलेंस की भी जानकारी होगी। 

Advertising