डी.एस.पी. पर गोली चलाने वाले भट्टी का रिमांड बढ़ा

Friday, Mar 11, 2016 - 08:19 AM (IST)

चंडीगढ़, (बृजेन्द्र): यू.टी. पुलिस के डी.एस.पी. पर गोली चलाने समेत कई क्रिमिनल केसों में आरोपी गुरदासपुर निवासी राजन भट्टी का पुलिस रिमांड 2 दिन और बढ़ गया है। ऑप्रेशन सैल ने उससे दो रिवॉल्वर्स और कार्टेजिस बरामद करने हैं। दोनों की पेशी के दौरान कोर्ट में पुलिस ने कहा कि भट्टी यू.पी. से 4 रिवॉल्वर्स और 25 कार्टीजिस लाया था। दो रिवॉल्वर्स बरामद हो चुके हैं जबकि अन्य दो रिवॉल्वर्स की बरामदगी करनी है।
 
साथ ही इन रिवॉल्वर्स की खरीद की जगह और अन्य जानकारियां भी भट्टी से पूछताछ में जुटानी हैं। जिनमें उसके मददगारों के नाम-पते व फरारी के दौरान क्या उसने आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया था, शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक भट्टी जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। पुलिस ने भट्टी का 5 दिन का रिमांड मांगा था। वहीं उसके साथ कार में गिरफ्तार हुए जगरूप सिंह को ज्यूडीशियल कस्टडी में भेज दिया गया। 
 
इससे पहले भट्टी एक रेप केस की सुनवाई के दौरान पिछले वर्ष 13 अक्तूबर को कांस्टेबल हरबंस को चकमा दे फरार हो गया था। हाल ही में ऑपरेशन सेल ने इन्हें गुप्त सूचना के आधार पर सैक्टर-49-50 की डिवाइडिंग रोड से गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान राजन भट्टी के पास एक देसी कट्टा, पांच कारतूस,15 ग्राम हैरोइन और जगरूप के पास देसी कट्टा, 10 कारतूस, 32 बोर की रिवाल्वर बरामद हुए थे। अरैस्ट कर इनसे आम्र्स व ड्रग्स(हैरोइन) बरामद की थी। राजन भट्टी पर पंजाब और चंडीगढ़ में रेप समेत ड्रग्स व अन्य केस दर्ज हैं। बीते साल सेक्टर-9 में राजन ने गिरफ्तार करने गए डी.एस.पी. पर गोलियां चलाई थीं। 
 

इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन कोर्ट में पेशी के दौरान वह भाग गया था। कोर्ट ने राजन भट्टी को 26 फरवरी को भगौड़ा भी घोषित कर दिया था। सैक्टर-36 थाना पुलिस ने कांस्टेबल हरबंस पर लापरवाही बरतने, भट्टी के दोस्त राजबीर, सन्नी और प्रेमिका पूजा पर सहायता करने और साजिश रचने का मामला दर्ज कर लिया था। बाद में आप्रेशन सैल ने राजबीर, सन्नी और उसकी प्रेमिका पूजा को गिरफ्तार किया था। 

Advertising