‘आग बुझाने की बजाए शराब की फैक्टरी को बचाने में लगे रहे फायर ब्रिगेड कर्मी’

Sunday, Jul 07, 2019 - 11:00 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील राज) : फायरकर्मी चंडीगढ़ स्वीट्स की फैक्टरी में आग बुझाने की बजाए साथ वाली शराब की फैक्टरी को बचाने में लगे हुए थे। इसी कारण चंडीगढ़ स्वीट्स फैक्टरी में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। यह आरोप है चंडीगढ़ स्वीट्स फैक्टरी के मालिक रमेश अग्रवाल का। उन्होंने आरोप लगाया कि फायर विभाग के कर्मी सही तरीके से आग बुझाते तो उनका करोड़ों का नुक्सान नहीं होता। हैरानी यह है कि चंडीगढ़ फायर विभाग की टीमें शनिवार शाम तक फैक्टरी में लगी आग को बुझा नहीं पाई। रमेश अग्रवाल ने कहा कि आग लगने से उनका दो करोड़ का नुक्सान हुआ है।

शॉर्ट सर्किट से लगी थी आग
वहीं फायर विभाग की जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। इंडस्ट्रीयल एरिया थाना पुलिस ने भी शनिवार मौके पर सी.एफ.एस.एल. टीम को जांच के  लिए बुलाया। टीम ने मौके से आग लगने के सबूत इकट्ठे किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल की वीडियो और फोटोग्राफी करवाई है। वहीं इलाका पार्षद शक्ति देवशाली ने बताया कि फैक्टरी में शार्ट सर्किट से आग लगने की सूचना मिली थी।

12 घंटे में पाया आग पर काबू
इंडस्ट्रीयल एरिया फेज एक स्थित चंडीगढ़ स्वीट्स फैक्टरी में फायर विभाग को काबू पाने में 12 घंटे से ज्यादा का समय लग गया। फायर विभाग की मानें तो आग की सूचना शुक्रवार रात 9:52 बजे पर उन्हें मिली थी। शनिवार सुबह 10:21 बजे आग पर काबू पाया गया, लेकिन फैक्टरी में आग धीरे-धीरे भड़क रही थी। इसी के चलते तीन फायर टैंडर देर रात तक आग बुझाने में लगे हुए थे। फायर विभाग ने बताया कि चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली से 20 फायर टैंडर बुलाए गए थे। 

bhavita joshi

Advertising