महिला मरीज ने कर्मचारी को जड़ा थप्पड़ पंचकूला सिविल अस्पताल में हुआ हंगामा
Sunday, Jun 30, 2019 - 12:20 PM (IST)
पंचकूला(चंदन): सैक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में एक महिला मरीज ने अस्पताल कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद कर्मचारियों और महिला के परिजनों के बीच जमकर हाथापाई हुई। अस्पताल में कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत सरवन कुमार ने बताया कि शनिवार को उसकी ड्यूटी कमरा नंबर-7 के बाहर थी। सुबह करीब 10 बजे एक महिला डॉक्टर को चैक करवाने के लिए आई थी और अंदर डॉक्टर के पास जाने लगी।
सरवन ने उसे कहा कि पहले कार्ड पर एंट्री करवा के आओ, उसके बाद अंदर जाना। महिला एंट्री करवा के आई और सीधे अंदर जाने लगी। सरवन ने उसे रोका और लाइन में जाने को कहा। इतने में महिला ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। शोर सुनकर अन्य कर्मचारी भी वहां पर पहुंच गए। महिला के साथ आए उसके भाई और महिला की कर्र्मचरियों के साथ हाथापाई शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख अस्पताल में बनी पुलिस चौकी से पुलिस कर्र्मियों को बुलाना पड़ा।
कार्रवाई की मांग को लेकर कर्मचारी बैठे हड़ताल पर
दोनों पक्षों को सैक्टर-7 चौकी में भेज दिया गया। अस्पताल कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज ने उनकी कोई बात नहीं सुनी और अंदर करने की धमकी दी। इसके बाद अस्पताल के कर्मचारी ओ.पी.डी. के गेट पर प्रदर्शन करने लगे। अस्पताल के आलाअधिकारी और सैक्टर-7 चौकी इंजार्ज मौके पर पहुंचे। अस्पताल प्रशासन और पुलिस की तरफ से कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद कर्मचारियों ने प्रदर्शन खत्म किया। वहीं, दूसरे पक्ष ने अस्पताल कर्मचारियों पर पहले मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत ले ली है। सी.सी.टी.वी. फुटैज की जांच की जा रही है। इसमें जिसकी भी गलती नजर आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।