फर्जी शादी करवा विदेश भेजने के नाम पर युवक से 14 लाख ठगे

Monday, Apr 29, 2019 - 12:33 PM (IST)

जीरकपुर(गुरप्रीत): पुलिस ने फर्जी शादी करवा विदेश भेजने का लालच दे लाखों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। जीरकपुर थाना प्रमुख गुरजीत सिंह ने बताया कि 22 वर्षीय यतौदर सिंह पुत्र गुरबचन सिंह गांव डंगोली जिला ऊना के रहने वाले एक युवक को विदेश भेजने के नाम पर आइलेट्स में 7.5 बैंड हासिल कर चुकी एक लड़की से फर्जी शादी करवाकर ग्लोबल गाइड इमीग्रेशन के मालिक बलजीत सिंह ने 14 लाख रुपए ठग लिए। इस पूरे षड्यंत्र में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि सरगना जो पटियाला जेल में बंद है, उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा।

ऐसे लिया झांसे में 
बलजीत सिंह ने यतौदर सिंह को फोन कर कहा कि उसकी एक जानकर लड़की पवनप्रीत कौर (काल्पनिक नाम) जो बंगा में रहती है और उसके आईलेट्स में 7.5 बैंड आए हुए हैं। वह स्पाऊस वीजा पर उसे विदेश भेज सकता है, जिसके लिए उसे उसके साथ फर्जी शादी करनी होगी। इसके बदले उसने 14 लाख रुपए की मांग की। वह इस बात पर सहमत हो गया और यतौदर सिंह ने बलजीत सिंह के बताए खातों में अलग-अलग 2 तारीखों को 14 लाख रुपए ट्रांसफर करवा दिए। इमीग्रेशन कंपनी वालों ने यतौदर की शादी 24 जनवरी, 2019 को लड़की के साथ चंडीगढ़ के एक गुरुद्वारा साहिब में करवा दी। बाद में इमीग्रेशन कंपनी वाले दफ्तर बंद करके भाग गए। 

लड़की के पते पर गया तो खुला भेद
यतौदर सिंह को ठगी पता तब चला जब वह लड़की के पते पर बंगा पहुंचा। जब यतौदर ने पड़ताल की तो उसे पता लगा कि असली युवती तो एक साल पहले से ही आस्ट्रेलिया में रह रही है और उसके साथ शादी करने वाली लड़की फर्जी थी। थाना प्रमुख गुरजीत सिंह ने बताया कि फर्जी पवनप्रीत बनी लड़की वास्तव में मनजीत कौर जिला पटियाला के गांव हर्याऊ खुर्द की थी। जिसके खातों में पैसे ट्रांसफर हुए थे, वह बठिंडा निवासी अमदीप कौर है। दोनों लड़कियां जी.एन.एम. नर्सिंग पास हैं और नौकरी की तलाश में बलजीत सिंह से मिली थी। बलजीत की हिस्ट्री क्रिमिनल है और उसके खिलाफ कई केस चल रहे हैं। अब भी वह पटियाला जेल में बंद है। 

सरगना से पूछताछ में होंगे कई खुलासे
इनके अलावा एक अन्य महिला सुमन शर्मा पत्नी पंकज निवासी गांव हयातनगर भी इस खेल में शामिल है। फिलहाल वह जरनैल एन्क्लेव जीरकपुर के मकान नंबर 158 में रहती है। उसने फोन पर शादी करने केलिए लड़के को मनाया था और पैसे ट्रांसफर करवाए थे, जिन्हें पुलिस ने काबू कर लिया है। थाना प्रमुख ने बताया कि आरोपी बलजीत सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर पटियाला जेल से लाया जाएगा, जिसके बाद अन्य खुलासे होने की उम्मीद है।

bhavita joshi

Advertising