परवाणु में एंट्री टैक्स, सनवारा में टोल और शिमला में देनी होगी ग्रीन फीस

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2020 - 10:42 AM (IST)

शिमला(देवेंद्र) : राष्ट्रीय राजमार्ग-05 परवाणु-शिमला फोरलेन पर जल्द टोल की वसूली शुरू हो जाएगी। धर्मपुर के साथ सनवारा में फोरलेन बना रही कंपनी ने टोल प्लाजा स्थापित कर दिया है। सूत्रों की मानें तो फोरलेन बनाने वाली कंपनी ने एक अप्रैल से टोल प्लाजा शुरू करने की इजाजत मांगी है। अभी एन.एच.ए.आई. इस पर विचार कर रहा है और टोल दरें तय की जा रही हैं। 

एन.एच.ए.आई. के अधिकारियों की मानें तो जल्द टोल प्लाजा को लेकर फैसला ले लिया जाएगा, क्योंकि राजमार्ग पर टोल की वसूली मानदंडों के मुताबिक है। सनवारा में टोल वसूली शुरू होने के बाद सोलन व राजधानी शिमला समेत ऊपरी शिमला और किन्नौर आने-जाने वाले सैलानियों तथा स्थानीय लोगों को भी अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी, क्योंकि फोरलेन पर वाहन दौड़ाने की एवज में लोगों को कई तरह के टैक्स का भुगतान करना पड़ेगा। परवाणु में प्रवेश कर (एंट्री टैक्स) बीते 2 दशक से वसूला जा रहा है। अब सनवारा में टोल और शिमला में दूसरे प्रदेशों से आने वाले वाहनों से ग्रीन फीस वसूलने की तैयारी है।

ग्रीन फीस वसूली का कैबिनेट लेगी फैसला :
शिमला में ग्रीन फीस की वसूली शुरू करने का मामला अभी राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में जाएगा। मंत्रिमंडल की हरी झंडी के बाद शिमला के एंट्री प्वाइंट पर ग्रीन फीस की वसूली शुरू कर दी जाएगी। भाजपा शासित नगर निगम शिमला राज्य की भाजपा सरकार पर जल्द ग्रीन फीस वसूली शुरू करने की अनुमति को दबाव डाल रहा है। 

शिमला में ग्रीन फीस की वसूली नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एन.जी.टी.) के आदेशों पर शुरू की जा रही है। ग्रीन फीस से इकट्ठा होने वाला पैसा शहर के सौंदर्यीकरण पर खर्च किया जाएगा। एम.सी. शिमला द्वारा दोपहिया वाहनों के लिए 50 रुपए, चौपहिया के लिए 200 रुपए और इससे बड़े वाहनों के लिए 300 रुपए फीस प्रस्तावित है। यदि कोई वाहन चालक फीस नहीं भरता है तो उसे 1500 रुपए का जुर्माना किया जाएगा। एक बार भरी गई फीस आगामी 7 दिन तक वैलिड होगी।

लोकल लोगों पर भी पड़ेगा असर : 
टोल का भुगतान बाहरी प्रदेशों से आने वाले वाहनों समेत स्थानीय लोगों को भी करना होगा। इसका ज्यादा असर सोलन जिला के धर्मपुर व आसपास के किसानों व वाहन चालकों पर पड़ेगा। खासकर जो वाहन चालक किसानों की उपज को मंडियों तक पहुंचाने के लिए एक ही दिन में 2 से 3 चक्कर लगाते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News