इंजीनियर हत्या मामला : नेकी नलवा व बरांडी को मिली माफी तो माँ ने बयां किया अपना दर्द
punjabkesari.in Sunday, May 28, 2017 - 08:59 AM (IST)

मोहाली(कुलदीप) : क्वार्क सिटी कंपनी के इंजीनियर सुखविंद्रजीत सिंह के कत्ल केस में उम्र कैद काट रही उसकी पत्नी नेकी नलवा तथा उसके प्रेमी हिम्मत सिंह बरांडी को पंजाब के राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनौर द्वारा माफी देने के बाद मृतक की माता राजिंद्र कौर सदमे में हैं। काफी समय से बीमारी से जूझ रही राजिंद्र कौर ने कहा कि इस सजा माफी ने उनके जख्म फिर हरे कर दिए। उनके बेटे के कातिलों को फांसी दी जानी चाहिए थी।
मामले में नेकी और बरांडी को दिसंबर 2005 में गिरफ्तार किया था। तभी से दोनों जेल में हैं जिन्हें अदालत ने जून 2012 मेें उम्रकैद सुनाई थी। दोनों की जमानत याचिकाएं पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने कई बार रद्द की थीं। बीते दिन शुक्रवार को राज्यपाल पंजाब ने उनकी सजा माफ कर दी थी।
फिर करेंगे संघर्ष :
राजिंदर कौर ने कहा कि वह बेटे के कातिलों को सजा दिलाने के लिए फिर अदालत जाएंगी। इसके तहत पहले लोगों को साथ लेकर पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात की जाएगी और फिर जरूरत पडऩे पर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में भी अपील करेंगे। उनका कहना है कि ऐसे कातिलों की तो सजा माफी नहीं होनी चाहिए थी। अगर दोनों में से किसी के भी कोई बच्चा आदि होता, तो उनकी सजा माफी जायज मानी जा सकती थी।
ऐसे तो कत्ल करने का ट्रेंड बन जाएगा :
पीड़ित मां ने कहा कि अगर प्रेमी के साथ मिलकर पति का कत्ल करने वाली महिलाओं की सजा ऐसे माफ होने शुरू हो जाएगी तो ऐसे हालातों में पतियों का कत्ल करने का ट्रेंड ही बन जाएगा। उन्होंने बताया कि पुत्र की मौत के गम में दो साल पहले उसके पिता इंद्रजीत सिंह भी चल बसे। राजिंदर कौर ने बताया कि अपने बेटे इंजीनियर सुखविंद्रजीत सिंह तथा उसके पिता इंद्रजीत सिंह दोनों की फोटो उन्होंने अपने घर के ड्राइंग रूम में आमने सामने लगा रखी हैं।