धनास में दो मकानों से गिराया अवैध निर्माण

Thursday, Aug 29, 2019 - 12:10 PM (IST)

चंडीगढ़(राजिंद्र) : चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड की फ्रैश कंस्ट्रक्शन के खिलाफ शहर भर में कार्रवाई जारी है। बोर्ड ने बुधवार को धनास में दो मकानों में हो रहे अवैध निर्माण को गिरा दिया। दोपहर को सी.एच.बी. की टीम मौके पर पहुंची। कुछ लोगों ने ड्राइव का विरोध करने का प्रयास किया लेकिन उनकी एक नहीं चली। मौके पर पुलिस बल भी तैनात था। पुलिस ने लोगों को मौके से हटाकर यह कार्रवाई की। 

सी.एच.बी. ने अब तक 29 नए निर्माण गिरा दिए हैं और आगे भी लोगों को नोटिस जारी किए हुए हैं, ताकि वह खुद ही अवैध निर्माण हटा लें। नहीं हटाने पर ही बोर्ड द्वारा ये कार्रवाई की जा रही है। नोटिस देने के बाद से 9 मकान मालिकों ने अतिरिक्त निर्माण को खुद से हटा दिया और 8 अलॉटियों ने अतिरिक्त निर्माण को रोक दिया है। सी.एच.बी. के अधिकारी ने बताया कि नोटिस के बाद भी निर्माण करा रहे अलॉटियों पर कार्रवाई जारी रहेगी। 

सैक्टर-45 में 14 और डड्डूमाजरा में दो मकानों पर हुई थी कार्रवाई :
इससे पहले सी.एच.बी. ने सैक्टर-45 में 14 मकानों और डड्डूमाजरा में दो मकानों से अवैध निर्माण गिराए थे। सैक्टर-56 में चार मकानों में बने अतिरिक्त निर्माण को ढहाया गया था। मनीमाजरा में 4 मकानों के नए निर्माण पर हथौड़ा चला था। जानकारी के अनुसार ये लोग बिना परमिशन निर्माण कर रहे थे। अभी शहर में ऐसे 35 मकानों की लिस्ट बोर्ड ने इंस्पैक्शन और शिकायतों के आधार पर तैयार की है, जहां डिमोलिशन ड्राइव चलेगी। सैक्टर-45 के बाद सैक्टर-56 में सबसे ज्यादा ऐसे मकान हैं।

Priyanka rana

Advertising