PGI में कर्मचारियों ने की हड़ताल, सफाई व्यवस्था बेहाल

Tuesday, Aug 27, 2019 - 01:40 PM (IST)

चंडीगढ़ (साजन) : सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते पी.जी.आई. में सोमवार को स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से ठप रहीं। सफाई न होने की वजह से मरीजों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ी। शौचालयों के बुरे हाल थे। 

 

इमरजैंसी में भी बदबू ने मरीजों व परिजनों का जीना मुहाल कर दिया। हालांकि पी.जी.आई. प्रशासन की ओर से दावा किया गया कि किसी तरह का कामकाज बाधित नहीं हुआ। इस हड़ताल के चलते पहले ही वैकल्पिक व्यवस्थाएं कर ली गई थी।

 

समान काम-समान वेतन को लेकर की हड़ताल
समान काम और समान वेतन को लेकर पी.जी.आई. के कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन व सफाई कर्मचारी यूनियन के बैनर तले यह हड़ताल की गई थी। इसमें सभी कैटेगरी के इंप्लायज, जिनमें अटैंडेंट, सफाई कर्मचारी,किचन वर्कर्स, लिफ्ट आपरेटर, माली, एम.आर.टी. व आउटसोर्सिंग वर्कर्स शामिल थे। 

 

किसी भी कर्मचारी ने ड्यूटी स्थल पर किसी काम को हाथ नहीं लगाया। वर्करों ने सुबह की ही शिफ्ट से काम बंद कर दिया, जिनका इवनिंग व नाइट शिफ्ट में पहुंचे वर्करों ने भी साथ दिया। 

 

डायरैक्टर से की मीटिंग
यूनियन से जुड़े नेताओं का दावा है कि उनकी इस हड़ताल ने जहां पी.जी.आई. की सफाई  व्यवस्था को चौपट कर दिया वहीं जगह जगह पड़े कूड़े के ढेर भी नहीं हटवाए जा सके। 

 

दोपहर बाद पी.जी.आई. के डायरैक्टर प्रो. जगतराम ने लेबर कमिश्नर की अध्यक्षता में यूनियन के साथ मीटिंग की। यूनियन के नुमाइंदों ने अश्वनी मुंजाल की अगुवाई में मीटिंग में शिरकत की। मीटिंग में पी.जी.आई. प्रशासन ने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही उनकी सब मांगों पर गौर करेंगे।
 

pooja verma

Advertising