कै. अभिमन्यु ने विपक्षी दलों पर कसा तंज,विपक्षी दलों के इतने बुरे हालात कभी नहीं देखे

Wednesday, Jul 13, 2022 - 09:08 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कै. अभिमन्यु ने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि वर्तमान में जो विपक्ष का हाल है इतने बुरे हालात मैंने कभी नहीं देखे। उन्होंने कहा कि यह लोग सामान्य व्यक्ति से रिश्ता नहीं रखते और न ही इन्हें जमीनी मुद्दे पता हैं। इसके विपरीत वर्तमान में केंद्र और हरियाणा की सरकार गरीब और समाज कल्याण के हितों को लेकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के पास अपना कोई राजनीतिक व सामाजिक मुद्दा नहीं है। इसीलिए समाज को जोडऩे में नाकाम साबित हुए हैं। इनका एजैंडा सैट है। किसान आंदोलन हो या फिर अन्य किसी प्रकार का कोई मुद्दा, वहां जाकर रस्म अदायगी करते हैं। उन्होंने यू.पी. के नेता जयंत चौधरी द्वारा हरियाणा के एक धरने में शामिल होने पर टिप्पणी की और कहा कि मजबूत विपक्ष एक स्वस्थ लोकतंत्र के लिए जरूरी है लेकिन अफसोस की बात है कि विपक्ष अपनी भूमिका निभाने में नाकाम है। उन्होंने कहा कि तीन दशक का उनका राजनीतिक करियर है लेकिन इतना गैर-जिम्मेदार विपक्ष उन्होंने आज तक नहीं देखा।

 


अपने सत्ता काल में खुली लूट करने वाले कुछ परिवारवादी लोग अब बेरोजगार हो गए 
कै. अभिमन्यु ने विपक्ष के नेताओं द्वारा ई.डी. जैसी एजैंसियों के दुरुपयोग जैसे आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, पहली बार विपक्षी नेताओं को मुद्दाविहीन देख रहा हूं, अपने सत्ताकाल में खुली लूट करने वाले कुछ परिवारवादी लोग अब बेरोजगार हो गए हैं, इस तरह के लोगों को राजनेता नहीं माना जा सकता। एक दौर में स्वयं सेवकों और सामाजिक लोगों पर लाठियां बरसाने वाले अब एजैंसियों के नाम की दुहाई दे रहे हैं। पूर्व मंत्री ने हरियाणा में मनोहर लाल व केंद्र की मोदी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह समाज से जुड़े आम नेताओं की सरकार है, जिसके कारण कुछ लोगों को तकलीफ है। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तारीफ करते हुए कहा कि वह वित्त विभाग की कमान भी बेहद असरदार तरीके से संभाल रहे हैं। इस समय राज्य और केंद्र में देशहित के लिए कदम उठाने वालों की सरकार है।
 

 

राष्ट्रपति का चुनाव मर्यादा का चुनाव
राष्ट्रपति पद के लिए विपक्षी दलों के सांझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा द्वारा वर्तमान सत्ता पर एजैंसियों के दुरुपयोग के आरोप लगाने के मुद्दे पर पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति पद का चुनाव बेहद मर्यादा का चुनाव है, यह सीधा जनता से जुड़ा हुआ चुनाव नहीं है। राष्ट्रपति पद के सांझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा की मैं व्यक्तिगत तौर पर बेहद इज्जत करता हूं। राष्ट्रपति पद का चुनाव राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनना चाहिए। इसमें किसी प्रकार की बयानबाजी और आलोचना उचित नहीं लगती।

Ajay Chandigarh

Advertising