PU छात्र संघ चुनाव : सुरक्षा को लेकर पुलिस का पहरा हुआ सख्त

Monday, Sep 03, 2018 - 10:12 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप) : पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस विभाग ने कैंपस में पुलिस कर्मियों की राऊंड दी क्लॉक तैनाती कर दी है। पुलिस विभाग के आलाधिकारियों की अगुवाई में यहां कड़ी चौकसी व्यवस्था की गई है ताकि चुनाव का यह माहौल कोई खराब न कर पाए। यहां पर सैंकड़ों सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया है। डी.एस.पी. सैंट्रल कृष्ण कुमार खुद सुरक्षा इंतजामों की बागडोर संभाले हैं। 

राऊंड दी क्लॉक पुलिस कर्मियों की कड़ी तैनाती :
पी.यू. कैंपस में सैंट्रल डिवीजन के अलावा टैंगो रिजर्व बटालियन, आई.आर.बी और होम गार्ड्स तैनात किए हैं। पुलिस कर्मियों की तैनाती 2 से 3 शिफ्टों में की गई है। 

एक शिफ्ट में पी.यू. के सभी गेट, मुख्य स्थलों सहित पूरे कैम्पस में सैकडों पुलिस कर्मी तैनात होते हैं। एक शिफ्ट में 100 से ज्यादा पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं। डी.एस.पी. सैंट्रल और सैक्टर-11 थाना प्रभारी लखबीर सिंह खुद सुरक्षा साधनों पर नजर रखे रहते है। 

आने-जाने और हॉस्टल में रहने वालों पर पैनी नजर : 
पुलिस पी.यू. में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की चैकिंग करने के बाद ही उसे प्रवेश की इजाजत दे रही है। हास्टलों में रहने वाले छात्रों पर भी पुलिस की कड़ी नजर है। हॉस्टल में कोई आऊटसाइडर न रूके इसके लिए पुलिस की टीम लगातार हॉस्टलों में छापेमारी भी कर रही है। 

Priyanka rana

Advertising